Rewari ATM Attempt Case: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा में दिनदहाड़े एटीएम तोड़कर पैसे निकालने की कोशिश करने वाली दो युवतियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों ने पेचकस और पत्ती की मदद से एटीएम मशीन से छेड़छाड़ की थी. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी. गिरफ्तार दोनों युवतियां राजस्थान की रहने वाली हैं और सगी बहनें हैं. पूछताछ में उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि आखिर उन्होंने एटीएम तोड़ने की कोशिश क्यों की थी.
ADVERTISEMENT
बता दें कि यह पूरी घटना 10 अगस्त की सुबह की है. धारूहेड़ा बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी बैंक के एटीएम बूथ में सुबह करीब 9:18 बजे दोनों युवतियां दाखिल हुईं. पुलिस के अनुसार, उन्होंने मनी ट्रे में पत्ती फंसाकर मशीन से छेड़छाड़ शुरू कर दी. हालांकि, बूथ में अन्य लोगों की आवाजाही के कारण वे बाहर निकल गईं और फिर लगभग 36 मिनट बाद (सुबह 9:55 बजे) दोबारा एटीएम बूथ में पहुंचकर मशीन से पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सकीं.
सीसीटीवी फुटेज से खुला सारा राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब 13 अगस्त को कंपनी के इंजीनियर नवल किशोर ने एटीएम का शटर टूटा हुआ पाया. इसके बाद मोहल्ला आजाद नगर के रहने वाले प्रेमचंद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जब एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो दोनों युवतियों की पहचान हुई और पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस का बयान: डकैती या लूट का मामला नहीं
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने स्पष्ट किया कि यह एटीएम लूट का कोई संगठित मामला नहीं था. गिरफ्तार की गई युवतियां मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली हैं और दोनों आपस में सगी बहनें हैं. इनमें से एक 12वीं पास है और दूसरी 12वीं कक्षा की छात्रा है. पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों बहनों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है.
शॉपिंग के लिए पैसे कम पड़ने पर बनाया प्लान
जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें बाजार में सामान खरीदने आई थीं. सामान खरीदने के बाद जब उनके पास पैसे कम पड़ गए, तो उन्होंने एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश की. जब एटीएम से पैसे नहीं निकले, तो उन्होंने पेचकस और पत्ती के जरिए मशीन से छेड़छाड़ कर पैसे चुराने की नाकाम कोशिश की. पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT


