हरियाणा की मशहूर डांसर और बिग बॉस फेम सपना चौधरी की जिंदगी मंच पर जितनी चकाचौंध भरी दिखती है, हकीकत में उनका सफर उतना ही संघर्षपूर्ण और डरावना रहा है. हाल ही में एक रियलिटी शो के दौरान सपना चौधरी ने अपनी जिंदगी के उस काले अध्याय (Dark Phase) से पर्दा उठाया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया. सपना ने बताया कि कैसे एक बार वह और उनकी मां हथियारों से लैस बदमाशों के बीच फंस गई थीं.
ADVERTISEMENT
आधी रात को मिला था शो का ऑफर
सपना चौधरी ने उस पुराने दिन को याद किया जब उनके घर में पैसों की भारी तंगी थी. उसी दौरान आधी रात को उन्हें एक शो का ऑफर मिला. मजबूरी के कारण उन्होंने बिना ज्यादा जांच-पड़ताल किए हां कह दी. लेकिन जब वह अपनी मां के साथ तय लोकेशन पर पहुंचीं, तो वहां का नजारा देख उनकी रूह कांप गई. वह एक सुनसान फार्म हाउस था जहां करीब 25-26 टेबल लगी थीं और हर टेबल पर सरेआम हथियार रखे हुए थे.
50 बदमाशों के बीच अकेली सपना
सपना के मुताबिक, वहां करीब 50 से 55 संदिग्ध लोग मौजूद थे जो किसी की जेल से रिहाई का जश्न मना रहे थे. परफॉर्मेंस के दौरान एक शख्स बार-बार उनके करीब आने की कोशिश कर रहा था. जब माहौल बिगड़ता देख सपना की मां ने वहां से जाने की बात कही, तो आयोजकों ने धमकी भरे लहजे में कहा, 'पैसे लिए हैं तो पूरा डांस करके ही जाना होगा'.
स्टेज पर हुई छेड़छाड़ और मां की हिम्मत
परफॉर्मेंस के दौरान अचानक वही शख्स पीछे से आया और उसने सपना के गाल पर जबरन किस कर लिया. यह सपना के लिए बेहद चौंकाने वाला और असहज पल था. वह तुरंत स्टेज से नीचे उतर गईं. उस वक्त उनकी मां ने जबरदस्त हिम्मत दिखाई और वहां मौजूद दबंगों को खरी-खोटी सुनाई. इसके बाद मां ने सपना का हाथ पकड़ा और दोनों तेजी से बाहर की ओर भागीं. सपना ने बताया कि उस वक्त उन्हें डर था कि कहीं पीछे से उन पर कोई हमला न हो जाए.
35 कानूनी केस और दंगों जैसे हालात
सपना ने इस शो में एक और बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उनके नाम पर करीब 35 कानूनी केस दर्ज हैं. इसकी मुख्य वजह उनके स्टेज शोज में होने वाली बेकाबू भीड़ है. कई बार उनके शोज में भगदड़ मच जाती थी, कुर्सियां चलती थीं और दंगे जैसी स्थिति बन जाती थी. उन्होंने बताया कि मेरठ और बड़ौत जैसी जगहों पर आज भी उनके नाम से शो करने की परमिशन नहीं मिलती है.
चमक के पीछे का कड़वा सच
सपना चौधरी का यह खुलासा यह बताने के लिए काफी है कि ग्लैमर की दुनिया में सफलता की राह आसान नहीं होती. सपना का यह संघर्ष उन हजारों कलाकारों की कहानी बयां करता है जो मंच पर मुस्कुराहट बिखेरते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे वे किन खतरों और जोखिमों से गुजरते हैं, यह दुनिया को नहीं पता होता.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT

