सोनीपत से सामने आए दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप की शादी टूटने से जुड़े विवाद में अब दूल्हा पक्ष की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. इससे पहले लड़की पक्ष ने आरोप लगाया था कि शादी में ब्रेजा (Brezza) गाड़ी की मांग की गई, औरा (Aura) गाड़ी की बात पर नाराजगी जताई गई, बदतमीजी व गाली-गलौज हुई और बारात लौट गई. अब कांस्टेबल कुलदीप ने मीडिया के सामने आकर इन आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है. कुलदीप ने अपनी बात रखते हुए साफ कहा है कि वे अब भी शादी के लिए तैयार है. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT
कुलदीप ने दहेज और अन्य आरोपों को बताया निराधार
कुलदीप ने कहा कि दहेज मांगने, मारपीट करने और बारातियों के नशे में होने के आरोप बेबुनियाद हैं. उनके अनुसार, ब्रेजा गाड़ी की कोई मांग उनकी ओर से नहीं की गई थी और न ही बिचौलिए के जरिए ऐसी कोई बात कही गई. उन्होंने कहा कि यह रिश्ता करीब छह महीने पहले तय हुआ था और शुरुआत में उन्होंने 10-20 लोगों के स्तर पर सादे आयोजन की बात कही थी, लेकिन लड़की पक्ष ने बड़ा आयोजन करने पर जोर दिया.
विवाद की शुरुआत, वाटिका और 112 पर कॉल का जिक्र
अपनी सफाई में कुलदीप ने बताया कि विवाद की शुरुआत कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की लोकेशन को लेकर हुई परेशानी, प्रवेश (एंट्रेंस) और कपड़े बदलने की जगह न मिलने को लेकर हुई कहासुनी से हुई. उन्होंने कहा कि लंबे सफर के कारण वे अपने कपड़े साथ लेकर चले थे और पैंट-शर्ट पहने हुए थे. कुलदीप के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर वाटिका का दरवाजा अंदर से बंद किए जाने और पैसों की मांग किए जाने की स्थिति बनी, जिसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर कॉल की और पुलिस मौके पर पहुंची. उनके साथ करीब 25-30 बाराती होने की बात भी उन्होंने बताई.
लड़की पक्ष के पुराने आरोप और कुलदीप का रुख
दूसरी ओर, दुल्हन के पिता और परिजनों ने पहले मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया था कि उन्होंने शादी में अपनी क्षमता से अधिक खर्च किया, गाड़ी की मांग रखी गई और ऐन मौके पर शादी से इनकार किया गया, जिससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची. वहीं, कुलदीप का कहना है कि वे आज भी शादी के लिए तैयार हैं, लगाए गए आरोपों के प्रमाण सामने आने चाहिए और दिया गया सामान ले जाने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है. दोनों पक्षों के दावों के बीच मामले को लेकर बयानबाजी और कानूनी/प्रशासनिक प्रक्रिया से जुड़ी चर्चाएं जारी हैं.
ब्रेजा नहीं मिली तो मचल गया दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल, मंडप में दुल्हन को छोड़ बारात लेकर लौटा
ADVERTISEMENT


