'मेरी मां को घसीट रहा था और फिर...' पड़ोसी महिला ने अवैध संबंध को लेकर टोका तो दिल्ली पुलिस का बर्खास्त जवान बना हैवान, 3 पड़ोसियों को उतारा मौत के घाट

Sonipat Triple Murder: हरियाणा के सोनीपत स्थित टीडीआई के बीपीएल फ्लैट्स में रविवार रात मौत का ऐसा नंगा नाच हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. आरोपी ब्रह्म प्रकाश ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से हमला कर पति-पत्नी समेत तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया. इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह बेहद हैरान करने वाली है.

Sonipat Triple Murder
Sonipat Triple Murder

पवन राठी

follow google news

Haryana News: हरियाणा के सोनीपत से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां कुंडली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टीडीआई (TDI) के बीपीएल फ्लैट्स में रविवार की देर रात एक सनकी शख्स ने मौत का ऐसा तांडव मचाया, जिसे सुनकर पूरे इलाके के लोग सहमे हुए हैं. आरोपी ने लोहे की रॉड और तेजधार हथियार से हमला कर एक पति-पत्नी और एक अन्य महिला समेत तीन लोगों को निर्मम तरीके से मौत के घाट उतार दिया.

Read more!

एक झटके में उजड़ गया पूरा हंसता-खेलता परिवार

सोनीपत में हुए इस खौफनाक और निर्मम ट्रिपल मर्डर में मारे गए लोगों की पहचान विजय, उनकी पत्नी सुनीता और पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला स्वाति उर्फ पार्वती के रूप में हुई है. वारदात रविवार रात करीब 11 बजे की है. मृतक दंपति की बेटी ने रोते हुए बताया, "रात करीब 10:30 बजे मारपीट की आवाजें आई थीं. जब मैं वहां से भागी-भागी आई तो मैंने देखा कि वह आरोपी मेरी मम्मी को मार कर सड़क किनारे घसीट रहा था. मेरे मां-बाप को मार दिया, अब मैं अकेली रह गई. हमें इंसाफ चाहिए, उसका एनकाउंटर होना चाहिए."

वारदात के बाद आराम से खाना खा रहा था कातिल

हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान ब्रह्म प्रकाश के रूप में हुई है. वो मूल रूप से झज्जर जिले के जसोर खेड़ी गांव का रहने वाला है. मिली जानकारी के अनुसार, ब्रह्म प्रकाश पहले दिल्ली पुलिस में नौकरी करता था, लेकिन किसी कारणवश उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था. फिलहाल वह कुंडली के टीडीआई नेशनल स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा था और इसी बीपीएल फ्लैट में अकेला रहता था. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, तीन लोगों की बेरहमी से हत्या करने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी और वह अंदर बैठकर आराम से खाना खा रहा था.

क्यों किया ब्रह्म प्रकाश ने यह खौफनाक कत्लेआम?

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ब्रह्म प्रकाश का किसी महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा था, जिसे लेकर उसके फ्लैट के पास रहने वाले पड़ोसी अक्सर ऐतराज जताते थे. रविवार की रात को भी जब पड़ोसियों ने ब्रह्म प्रकाश को उसके इस अवैध संबंध को लेकर टोका, तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उसने आव देखा न ताव और लोहे की रॉड व तेजधार हथियार से पड़ोसियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमला इतना जोरदार था कि पीड़ितों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी

इस तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही सोनीपत के आला पुलिस अधिकारी, क्राइम ब्रांच और एफएसएल (FSL) की टीमें तुरंत घटना स्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सोनीपत भेज दिया है. ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी ब्रह्म प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस खौफनाक वारदात के पीछे की हर एक परत को खोला जा सके.
 

यह भी पढ़ें: लड़की को भगाकर की शादी... फिर उसके भाइयों ने बीच सड़क पर खेला खौफनाक खेल, सोनीपत की ये कहानी जान कांप उठेगा दिल!

    follow google news