'20 दिन से गायब था बेटा, किसी ने बहकाकर वारदात में इस्तेमाल किया', टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में आरोपी रिहान की मां का बड़ा दावा

पवन राठी

• 03:07 PM • 20 Oct 2026

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार सोनीपत के रेहान की मां ने बेटे को लेकर बड़ा दावा किया है. मां के मुताबिक, रेहान करीब 20 दिन से घर से गायब था और परिवार उसकी तलाश कर रहा था. उन्होंने बताया कि रेहान घर पर रहकर गायों की देखभाल करता था और बीमारी के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था. विस्तार से जानिए पूरी बात.

Rehan Mother Statement on Tiger Shroff Firing Case
शूटर रेहान की मां ने बताई अब नई कहानी
Google CTA

महाराष्ट्र में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना के बाद सोनीपत के दो युवकों के नाम सामने आने से सनसनी फैल गई है. इस मामले में राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किए गए आरोपी रेहान की मां पहली बार कैमरे के सामने आई हैं और उन्होंने अपने बेटे को पूरी तरह बेकसूर बताया है. उनका दावा है कि उनके बेटे को किसी बड़े साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है. विस्तार से जानिए पूरी बात.

Read more!

'20 दिन पहले घर से अचानक गायब हुआ था बेटा'

रेहान की मां ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा पिछले 20 दिनों से घर से गायब था और वे लगातार उसकी तलाश कर रही थीं. उन्होंने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि रेहान घर पर खाना खा रहा था, तभी कोई उसे बुलाने आया और वह उठकर बाहर गया जिसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला. मां के मुताबिक, न तो उसका फोन मिल रहा था और न ही किसी से संपर्क हो पा रहा था. परिवार को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि रेहान मुंबई कैसे और किसके साथ पहुंचा, क्योंकि उसे यह तक नहीं पता था कि मुंबई कहां है.

घर पर रहता था और गायों की देखभाल करता था रेहान

मां ने बताया कि रेहान ने दसवीं कक्षा में कुछ महीने पढ़ाई की थी, लेकिन बीमारी के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी. वह घर पर ही रहकर गायों की देखभाल और खाने-पीने का काम संभालता था. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि रेहान पहले एक पुराने मामले में जमानत पर बाहर आया था, और उन्होंने उसे समझाया भी था कि वह आगे से ऐसी किसी हरकत में शामिल न हो.

'असली गुनहगारों को बख्शा न जाए'

रेहान की मां ने कहा कि टाइगर श्रॉफ की जान बच गई, यही उनके लिए बड़ी राहत की बात है. उन्होंने अपील की कि उनके बेटे को बहला-फुसलाकर इस बड़े अपराध में धकेला गया है, इसलिए कानून निष्पक्ष जांच करें. मां ने मांग की कि जिन लोगों ने उनके बेटे का इस्तेमाल किया और इस वारदात को अंजाम दिलाया, उन्हें बिल्कुल भी बख्शा न जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार शूटर रेहान के पिता का छलका दर्द, खुद बताया काला सच!