Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार शूटर रेहान के पिता का छलका दर्द, खुद बताया काला सच!
Rehan Father on Firing Case: टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में कोटा से गिरफ्तार सोनीपत के रेहान के पिता रईसुद्दीन ने बेटे को लेकर कई खुलासे किए . पिता के मुताबिक, रेहान पिछले 10-12 साल से उनसे अलग रह रहा था और नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़कर गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीखने की बात कहकर गया था. जानिए रेहान के पिता ने क्या-कुछ बताया.
ADVERTISEMENT

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस मामले में राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोनीपत का रेहान भी शामिल है. अब इस पूरे प्रकरण पर आरोपी रेहान के पिता रईसुद्दीन मीडिया के सामने आए हैं और उन्होंने अपने बेटे को लेकर कई चौंकाने वाली बातें साझा की हैं. आइए विस्तार से जानते हैं 'हरियाणा तक' से बातचीत के दौरान उन्होंने क्या-कुछ बताया है.
'10-12 साल से परिवार से अलग रहता था बेटा'
रेहान के पिता रईसुद्दीन ने बताया कि उन्हें इस बड़ी घटना या बेटे की गिरफ्तारी की कोई जानकारी नहीं थी. उन्हें सुबह मीडिया के जरिए पता चला कि उनके बेटे को पुलिस ने पकड़ लिया है. पिता ने बताया कि रेहान पिछले 10-12 साल से उनसे अलग रह रहा था और उनके बीच कोई संपर्क नहीं था. उन्होंने इसके पीछे की मुख्य वजह रेहान की नशे की लत और पारिवारिक दूरियों को बताया.
पढ़ाई छोड़कर गुरुग्राम में काम सीखने गया था रेहान
पिता के मुताबिक, रेहान ने नौवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और उसके बाद पढ़ाई छोड़ दी थी. जब उसने काम सीखने की बात कही थी, तो उसने परिवार को बताया था कि वह गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीख रहा है. परिवार को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि रेहान किसी बड़े आपराधिक गैंग या गंभीर मामले में लिप्त हो जाएगा.
'कानून जो सजा देना चाहे, दे'
रेहान के पिता ने इस सनसनीखेज अपराध पर दुख जताते हुए कहा कि उनके बेटे ने बहुत गलत किया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून और पुलिस इस मामले में जो भी सजा देना चाहें, वे दे सकते हैं. गौरतलब है कि रेहान इससे पहले भी सोनीपत में किसी मामले में कानूनी पचड़े में फंस चुका है. फिलहाल, पुलिस इस हाई-प्रोफाइल फायरिंग मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के साथ रेहान की भूमिका और उसके संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है.
