महाराष्ट्र में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है. इनमें से दो आरोपी हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक मुख्य आरोपी का नाम रेहान है और दूसरा नाबालिग है. इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद हरियाणा तक की टीम सोनीपत में आरोपी रेहान के घर पहुंची और परिजनों से बातचीत की. जानिए उनके परिजनों ने क्या-कुछ कहा है.
ADVERTISEMENT
कैसा है रेहान का परिवार और बैकग्राउंड?
रेहान एक छोटे से मकान में अपने परिवार के साथ रहता है. परिवार में उसकी मां और एक छोटा भाई है. रेहान परिवार में सबसे बड़ा है और नौवीं कक्षा में फेल होने के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी. रेहान की मां एक कंपनी में मजदूरी का काम करती हैं. रेहान के पिता परिवार से अलग रहते हैं, जिसके पीछे का कारण पारिवारिक कलह और खान-पान से जुड़ी दिक्कतें बताई गईं. रेहान पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है. जेल से बाहर आने के बाद अगले महीने की 31 तारीख को उसकी कोर्ट में पेशी की तारीख थी.
मौसी अफसाना ने क्या कुछ बताया?
रेहान की मौसी अफसाना ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि रेहान पिछले एक महीने से घर से गायब था. परिवार ने उसे हमेशा गलत रास्ते से दूर रहने और काम करने की सलाह दी थी. अफसाना के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले रेहान की अपनी मां से फोन पर बात हुई थी. उस बातचीत के दौरान रेहान ने कहा था कि वह गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीख रहा है और अब कोई गलत काम नहीं करेगा ताकि परिवार परेशान न हो. परिवार को इस बात की भनक तक नहीं थी कि वह इस तरह के किसी बड़े अपराध में शामिल हो जाएगा.
सोनीपत पुलिस की पूछताछ और आगे की जांच
घटना के बाद सोनीपत पुलिस की टीम भी रेहान के घर पहुंची और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कोटा से गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों के तार और किन-किन अपराधियों से जुड़े हैं. बहरहाल, इस मामले में रेहान का नाम आने के बाद से उसका पूरा परिवार गहरे सदमे और मायूसी में है.
ADVERTISEMENT


