Punjab BJP President Keval Singh Dhillon: बीजेपी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं. इस बदलाव में पंजाब का नाम भी शामिल है. पार्टी ने बरनाला के पूर्व विधायक सरदार केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. जानकारी के मुताबिक बीजेपी के भीतर लंबे समय से पंजाब इकाई की कमान किसी सिख चेहरे को सौंपने की मांग उठ रही थी. हालांकि, पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं.
ADVERTISEMENT
ऐसे में पार्टी के इस फैसले को सिख समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि केवल सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में पंजाब बीजेपी चुनावी मैदान में किस तरह आगे बढ़ती है. ऐसे में आइए जानते हैं कौन हैं केवल सिंह ढिल्लो और आखिर क्यों बीजेपी ने पंजाब में नया चेहरा आगे किया है.
क्यों बदला गया पंजाब बीजेपी का चेहरा?
राजनीतिक जानकार पंजाब में बीजेपी के इस परिवर्तन के पीछे कई कारण बता रहे हैं. इसके पीछे एक कारण मौजूदा अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन साल का कार्यकाल का पूरा होना थी बताया जा रहा है. यही कारण है कि पार्टी ने नया चेहरा तलाशना शुरू कर दिया था. हालांकि सूत्रों का कहना है कि सुनील जाखड़ पद से हटने के बाद भी आगामी राज्य चुनावों के लिए पार्टी की प्रचार रणनीति में पूरी तरह से सक्रिय बने रहेंगे.
रेस में शामिल थे ये दिग्गज नाम
पंजाब बीजेपी अध्यक्ष पद की इस दौड़ में केवल सिंह ढिल्लो अकेले नहीं थे. सूत्रों के मुताबिक इस पद के लिए जगमोहन राजू, मनजीत सिंह राय, रवनीत सिंह बिट्टू और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल के नामों पर भी गंभीरता से विचार किया गया था लेकिन अंत में बाजी ढिल्लो के हाथ लगी. केवल सिंह ढिल्लो को पंजाब बीजेपी अध्यक्ष बनाने के फैसले के पीछे पार्टी के कई दिग्गज नेताओं का हाथ माना जा रहा है. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने इस कदम का जोरदार समर्थन किया है. इसके साथ ही आरएसएस के पंजाब प्रभारी मंत्री श्रीनिवासुलु और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी ढिल्लों की उम्मीदवारी के पक्ष में दिखाई दिए.
मालवा क्षेत्र में बीजेपी को मजबूती की उम्मीद
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि केवल सिंह ढिल्लो के कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ पुराने और मजबूत रिश्ते हैं. इसके साथ ही उनके पास कांग्रेस के जमाने का एक लंबा संगठनात्मक अनुभव भी है. बीजेपी को उम्मीद है कि उनके इस अनुभव का फायदा पार्टी को मिलेगा और विशेष रूप से मालवा क्षेत्र में बीजेपी अपनी स्थिति को काफी मजबूत कर पाएगी.
जानिए कौन हैं केवल सिंह ढिल्लो
पंजाब बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए केवल सिंह ढिल्लो का जन्म बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव में हुआ था. वह साल 2007 से 2017 तक बरनाला विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. हालांकि बाद में उन्हें आम आदमी पार्टी के नेता गुरमीत सिंह मीत हेयर से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था. केवल सिंह ढिल्लो पंजाब के बड़े जाट सिख नेताओं में गिने जाते हैं और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है. साल 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद उन्होंने कई अन्य नेताओं के साथ बीजेपी का दामन थाम लिया था. बीजेपी ने बाद में उन्हें पंजाब इकाई का उपाध्यक्ष भी बनाया था. अब पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पंजाब बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है.
पंजाब के साथ इन 3 राज्यों में हुआ बदलाव
अपको बता दें कि बीजेपी ने पंजाब के साथ ही 3 अन्य राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी बदले हैं. इनमें दिल्ली, हरियाणा और त्रिपुरा शामिल है. दिल्ली में केंद्रीय मंत्री और पूर्व मेयर हर्ष मल्होत्रा को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, जबकि हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में विधायक अभिषेक देबरॉय को नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के 'सरकार गिरने' वाले दावे पर पीयूष गोयल का पलटवार, बोले- देश में अराजकता फैलाने की बड़ी साजिश
ADVERTISEMENT


