हरियाणा सरकार ने राज्य महिला आयोग का दोबारा गठन कर दिया है. कुरुक्षेत्र के एक अस्पताल में हुए विवाद और नर्सिंग स्टाफ के भारी विरोध के बाद रेनू भाटिया ने महिला आयोग की चेयरपर्सन के पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके इस्तीफे के बाद अब वर्तमान में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शनी को हरियाणा महिला आयोग का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है.
ADVERTISEMENT
क्यों हुआ था रेनू भाटिया का विवाद?
बीती 7 जून को कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में एक लड़की से दुष्कर्म की घटना के बाद तत्कालीन चेयरपर्सन रेनू भाटिया वहां का मुआयना करने पहुंची थीं. वहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ को फटकार लगाते हुए सीनियर नर्सिंग ऑफिसर से कहा था, "क्या आपकी भी बेटी है? छोड़ो उसे किसी के साथ 15 मिनट एक कमरे में, फिर इस बच्ची को अकेला कैसे छोड़ दिया?"
रेनू भाटिया के इस 'बेटी वाले बयान' के बाद प्रदेश भर के नर्सिंग स्टाफ में नाराजगी फैल गई. स्टाफ ने धरना-प्रदर्शन कर उनके इस्तीफे की मांग की, जिसके बाद रेनू भाटिया को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा. बता दें कि रेनू भाटिया करीब साढ़े 4 साल तक इस पद पर रहीं.
कौन हैं नई चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शनी?
हरियाणा महिला आयोग की नई कमान संभालने वाली उषा प्रियदर्शनी गुरुग्राम की रहने वाली हैं. उषा प्रियदर्शनी पिछले 25 सालों से बीजेपी में सक्रिय हैं. वह जनवरी 2024 में हरियाणा बीजेपी महिला मोर्चा की प्रमुख बनी थीं और इससे पहले वह बीजेपी ओबीसी मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं. उनका जन्म 12 अगस्त 1972 को राजस्थान में हुआ था. स्नातक (Graduate) तक शिक्षित उषा प्रियदर्शनी के पति नीरज प्रियदर्शनी पेशे से अधिवक्ता (Advocate) हैं. वर्तमान में वह गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-3 में रहती हैं.
मीना परमार बनीं वाइस चेयरपर्सन
उषा प्रियदर्शनी के अलावा सरकार ने मीना परमार को आयोग का वाइस चेयरपर्सन (उपाध्यक्ष) बनाया है. मीना परमार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री हैं और तोशाम विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं. भिवानी की रहने वाली मीना परमार पिछले 26 साल से राजनीति में सक्रिय हैं.
5 नए सदस्यों की भी हुई नियुक्ति
महिला आयोग में चेयरपर्सन और वाइस चेयरपर्सन के अलावा 5 नए सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है. राज्यपाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन नियुक्तियों को तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है. इन नए सदस्यों में शामिल हैं:
- भारती सैनी (नारनौल की पूर्व चेयरपर्सन)
- सुनीता लोचब
- सुमन शहजादवाला
- डॉ. अनुकंपा गर्ग
- सुनीता चौहान
यह भी पढ़ें: पेप्सी शर्मा की शोकसभा में भावुक हुईं सपना चौधरी, पत्नी से लिपटकर रोईं; सामने आई भावुक कर देने वाली तस्वीरें
ADVERTISEMENT


