Dhirendra Shastri on Karwa Chauth: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में चल रही रामकथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. उन्होंने करवा चौथ के व्रत को लेकर एक चुटीला और मजाकिया अंदाज अपनाया, जिसे लेकर अब इंटरनेट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कथा के दौरान उनके द्वारा दिए गए इस बयान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
बदला करवा चौथ का नाम?
करेरा में आयोजित रामकथा के मंच से बोलते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि करवा चौथ का उन्होंने नया नाम खसम पूजन दिवस रख लिया है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए एक दिन व्रत रखती हैं, लेकिन बाकी के 364 दिन ताने मारती हैं. उन्होंने हंसते हुए यह भी कहा कि कौन सी घड़ी या मुहूर्त में शादी हुई थी, ऐसे ताने अक्सर सुनने को मिलते हैं. उनके इस बयान ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी खूब ध्यान खींचा.
रिश्तों में प्यार और सम्मान बनाए रखने का संदेश
हालांकि इस बयान में हंसी-मजाक का पुट था, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने इसके साथ ही एक गंभीर संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के रिश्ते में प्यार और सम्मान सिर्फ एक दिन के व्रत तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि साल के 364 दिन भी वैसी ही भावना और समर्पण होना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस तरह पूरी निष्ठा के साथ करवा चौथ पर प्रार्थना की जाती है, वैसा ही आपसी आदर पूरे साल बना रहना चाहिए.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
पंडित धीरेंद्र शास्त्री की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. जहां एक तरफ लोग उनके इस मजाकिया अंदाज की सराहना कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस बयान को लेकर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं. शिवपुरी से आई इस खबर ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर ली हैं और लोग इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT


