बागेश्वर धाम से शुरू हुई पं. धीरेंद्र शास्त्री की 'सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0', JCB से बरसे फूल; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

आकांक्षा ठाकुर

• 06:49 PM • 11 Oct 2026

बागेश्वर धाम से पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0 शुरू हो गई है. पहले दिन 100 किमी का सफर तय कर यात्रा पन्ना पहुंचेगी. जानिए रूट, संतों की उपस्थिति और सुरक्षा इंतजाम

NewsTak
तस्वीर: पं. धीरेंद्र शास्त्री के X हैंडल से ली गई है.
Google CTA

मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम से पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 3.0’ का भव्य शुभारंभ हो गया है. यात्रा के पहले ही दिन श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बुलडोजर और जेसीबी पर चढ़कर पं. धीरेंद्र शास्त्री पर फूलों की वर्षा की और यात्रा का स्वागत किया. सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं.

Read more!

सनातन एकता और जनजागृति का संदेश

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन हिंदू एकता का संदेश प्रसारित करना और आम जनमानस में जागरूकता लाना है. रथयात्रा के काफिले में सबसे आगे भगवान बालाजी महाराज का रथ चल रहा है, जिसके ठीक पीछे पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का रथ मौजूद है. शास्त्री के रथ के पीछे श्रद्धालुओं के वाहनों का लंबा काफिला चल रहा है.

यात्रा की शुरुआत करते हुए पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, "यह यात्रा सनातन हिंदू एकता के संकल्प और जनजागृति के लिए निकाली जा रही है. सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन देश की बदनामी किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए."

यात्रा के पहले दिन लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी.

  • यात्रा बागेश्वर धाम से शुरू होकर बमीठा, चंद्रनगर, अजयगढ़ और सिंहपुर होते हुए पन्ना तक पहुंचेगी.
  • मैरिज हाउस में करीब 20 मिनट का मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है.
  • पं. धीरेंद्र शास्त्री वैन में बैठकर लगभग 20 मिनट तक लोगों को संकल्प दिलाएंगे.
  • दोपहर के भोजन के लिए यात्रा अजयगढ़ स्थित आश्रम में लगभग 90 मिनट (डेढ़ घंटा) रुकेगी.
  • सिंहपुर में 20 मिनट का आशीर्वचन कार्यक्रम होगा.
  • यात्रा का पहला रात्रि विश्राम पन्ना के रघुलीला पैलेस और मधुवन पैलेस में निर्धारित किया गया है.

देश के नामी संत और कथावाचक यात्रा में शामिल

इस ऐतिहासिक सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से कई प्रमुख संत और कथावाचक शामिल हो रहे हैं. इनमें प्रमुख रूप से:

  • * कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय
  • * जगद्गुरु चिन्ना जियर स्वामी
  • * देवी चित्रलेखा
  • * अयोध्या हनुमानगढ़ी से राजूदास महाराज
  • * मलूक पीठ से गंगादास महाराज
  • * हरिद्वार से मोनी महाराज
  • * चित्रकूट से राधेश्याम महाराज

सुरक्षा के लिए 5-लेयर प्लान: ड्रोन, CCTV और बम निरोधक दस्ता तैनात

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए छतरपुर के एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत किया गया है. सागर जोन से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि जरूरत पड़ने पर पुलिस मुख्यालय से और बल बुलाया जा सकता है. निगरानी के लिए ड्रोन, सीसीटीवी वाहन, रेडियो कम्युनिकेशन, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और बम निरोधक दस्ता (BDDS) तैनात हैं. आयोजकों के साथ मिलकर मल्टी-लेयर सिक्योरिटी, कारकेड और ट्रैफिक डायवर्जन का प्लान तैयार किया गया है. साथ ही, शामिल होने वाले साधु-संतों को उनकी श्रेणी के अनुसार सुरक्षा दी जा रही है. फिलहाल यात्रा धार्मिक नारों, ढोल-नगाड़ों और श्रद्धालुओं के अभूतपूर्व उत्साह के बीच अपने निर्धारित पड़ावों से गुजरते हुए पन्ना की ओर आगे बढ़ रही है.