Barwani Viral Video: मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के ठीकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बरू फाटक गांव से एक सनसनीखेज और मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदार (प्रेमी) को बर्बरता का शिकार बनाया. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें बारिश के बीच कीचड़ से सने रास्ते पर दोनों पीड़ितों को रस्सी से बांधकर पूरे गांव में घुमाया जा रहा है. युवक के शरीर पर वस्त्र नहीं थे और वहां मौजूद भीड़ मूकदर्शक बनकर तमाशा देखने के साथ-साथ हूटिंग कर रही थी और वीडियो बना रही थी.
ADVERTISEMENT
बेल्ट और ट्यूब से पिटाई के बाद बनाया बंधक
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला की शादी को 15 साल हो चुके हैं और उसके दो बच्चे हैं. महिला का आरोप है कि उसका पति शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था. प्रताड़ना से तंग आकर महिला एक महीने पहले अपने मायके चली गई थी और मगरखेड़ी में किराए का कमरा लेकर नीमरानी की एक कंपनी में मजदूरी करने लगी थी. महिला का अपने एक रिश्तेदार के साथ पिछले 5 वर्षों से प्रेम संबंध था. रविवार रात करीब 10:30 बजे पति, देवर और भांजे ने किराए के कमरे पर धावा बोल दिया तथा प्रेम-प्रसंग की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए बेल्ट और ट्यूब से दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी.
पुलिस ने कराया मुक्त, आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज
घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही डायल 112 की सूचना पर ठीकरी थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के कब्जे से दोनों पीड़ितों को मुक्त कराया और इलाज के लिए ठीकरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद महिला अधिकारी द्वारा पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए. पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, देवर और भांजे सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: उफनती नदी, टूटा स्टॉप डैम और स्कूल जाते बच्चे... विदिशा का वीडियो देखकर हर कोई हैरान! आखिर जिम्मेदार कौन?
ADVERTISEMENT


