मध्य प्रदेश के बैतूल जिले का दामजीपुरा गांव रविवार को भीषण सांप्रदायिक तनाव की चपेट में आ गया. एक व्यक्ति द्वारा गाय के साथ कुकृत्य करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हजारों की संख्या में आक्रोशित भीड़ सड़क पर उतर आई. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और इलाके की करीब 8 से 10 दुकानों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई. आइए विस्तार से जानते है क्या है पूरा मामला और आगे की कार्रवाई की पूरी बात.
ADVERTISEMENT
क्या है विवाद की जड़?
घटना के पीछे का मुख्य कारण एक वायरल वीडियो बताया जा रहा हैय स्थानीय लोगों के अनुसार, अब्बू नाम का एक व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से अपनी ही गाय को रात के समय दुकान पर लाता था और उसके साथ दरंदगी करता था. शनिवार रात किसी युवक ने इस हरकत का वीडियो बना लिया और उसे हिंदू संगठन के नेताओं को भेज दिया. रविवार सुबह जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, आसपास के गांवों से 3 से 4 हजार लोगों की भीड़ दामजीपुरा में इकट्ठा हो गई और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया.
दुकानों में आगजनी और लूटपाट
आक्रोशित भीड़ ने इलाके की इलेक्ट्रॉनिक, मोबाइल, पंक्चर, सैलून और हार्डवेयर की दुकानों को निशाना बनाया. कई दुकानों में पहले लूटपाट की गई और फिर उनमें आग लगा दी गई. पीड़ित दुकान मालिक तौसिफ खान ने बताया, 'हम डर के मारे घर के अंदर बंद हो गए थे. भीड़ ने मेरी मोबाइल की दुकान से करीब 8-9 लाख का माल लूट लिया और फिर दुकान फूंक दी. हमारी कार को भी पूरी तरह चकनाचूर कर दिया गया.' पीड़ितों का कहना है कि आरोपी ने गलत किया तो उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन इस चक्कर में निर्दोष गरीबों का भारी नुकसान हो गया है.
भारी पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
तनाव को देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है. प्रभारी कलेक्टर अक्षय जैन और एसपी वीरेंद्र जैन ने खुद मोर्चा संभाला. एसपी का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है, हालांकि एहतियात के तौर पर 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की.
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. वहीं, जिन लोगों की दुकानें जलाई गई हैं, उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है ताकि दंगाइयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: MP News: टीचर की शर्मनाक करतूत, उमरिया में छात्राओं से करता था बैड टच, परिजनों ने ऐसे सिखाया सबक
ADVERTISEMENT

