मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गणेश विसर्जन के दौरान एक 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. आरोप है कि जेएच कॉलेज परिसर में विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की तेज आवाज के बीच छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. मृतका की पहचान सुहागपुर ढाना (शाहपुर) निवासी प्रतीक्षा वर्मा के रूप में हुई है. वह जेएच कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी.
ADVERTISEMENT
अचानक बिगड़ी तबीयत, अचेत होकर गिरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतीक्षा वर्मा बैतूल में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही थी. घटना वाले दिन वह अपने जेएच कॉलेज परिसर में स्थापित गणेश प्रतिमा के दर्शन और विसर्जन जुलूस में शामिल होने गई थी. परिजनों और साथ मौजूद दोस्तों के मुताबिक, विसर्जन जुलूस में बेहद तेज आवाज में डीजे बज रहा था. बताया जा रहा है कि दर्शन करने के दौरान ही अचानक प्रतीक्षा को तेज चक्कर आए और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी. साथ में मौजूद उसकी कजिन और दोस्तों ने तुरंत उसे संभाला, किनारे बैठाकर पानी पिलाने की कोशिश की, लेकिन जब उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
जिला अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने 17 वर्षीय प्रतीक्षा को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने सीधा आरोप लगाया है कि डीजे के अत्यधिक तेज और अनियंत्रित साउंड प्रेशर की वजह से प्रतीक्षा की तबीयत बिगड़ी और उसकी जान चली गई. हालांकि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि बच्ची को बचपन में दिल से संबंधित समस्या (दिल में छेद) थी, जिसका इलाज कराया जा चुका था और वह पूरी तरह ठीक थी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके और अस्पताल पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस ने तेज डीजे साउंड से मौत होने के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. शहर में तेज डीजे साउंड पर नियंत्रण और डेसीबल लिमिट को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. पुलिस प्रशासन का दावा है कि नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


