Bhind news: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां मेहगांव इलाके में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पत्नी की पहचान छुपाने के लिए उसके चेहरे को फावड़े से बुरी तरह कुचल दिया था. अब पुलिस को इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने घटनास्थल से मिले एक फटे हुए रेलवे टिकट की मदद से महज कुछ ही दिनों में कातिल पति और उसके साथियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. यह पूरी साजिश लव ट्रायंगल और बचपन के प्यार को पाने के चक्कर में रची गई थी.
ADVERTISEMENT
नहर के पास मिली थी कुचली हुई लाश
मेहगांव थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव के पास 3 जून को सुबह ग्रामीणों ने एक महिला का शव बंबे (नहर) के पास देखा था. महिला का चेहरा धारदार हथियार और फावड़े से इस कदर बिगाड़ दिया गया था कि उसकी शिनाख्त होना नामुमकिन लग रहा था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) टीम मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में पुलिस के पास न तो कोई गवाह था और न ही मृतिका की पहचान का कोई जरिया.
रेलवे टिकट के फटे टुकड़े ने बदली जांच की दिशा
पुलिस जब घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही थी, तभी उन्हें वहां कागज के कुछ फटे हुए टुकड़े मिले. पुलिसकर्मियों ने जब उन टुकड़ों को आपस में जोड़ा, तो वह मथुरा से ग्वालियर का एक रेलवे टिकट निकला. पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा के निर्देशन में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया और टीम को मथुरा रवाना किया गया.
500 सीसीटीवी कैमरे और एक साड़ी से खुला राज
मथुरा रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद एक फुटेज में वह महिला दिखाई दी, जिसकी पहचान उसकी साड़ी से हुई. फुटेज में महिला के साथ एक युवक भी नजर आ रहा था. सीसीटीवी और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने भिंड के अजनौल गांव के रहने वाले नारायण बघेल को हिरासत में लिया. जब पुलिस ने नारायण से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
3 साल का प्यार बनाम 10 साल पुराना संबंध
पूछताछ में सामने आया कि मृतिका का नाम इंद्रावती था और वह प्रतापगढ़ की रहने वाली थी. 3 साल पहले सूरत में नारायण की मुलाकात इंद्रावती से हुई थी और दोनों ने दंदरौआ मंदिर में शादी कर ली थी. इंद्रावती नारायण के साथ पत्नी के हक से रहना चाहती थी और उसने इसके लिए पहले पुलिस में आवेदन भी दिया था. दूसरी तरफ, नारायण का भिंड की ही संगीता बघेल से 10 साल पुराना प्रेम प्रसंग चल रहा था. संगीता लगातार नारायण पर इंद्रावती से पीछा छुड़ाने का दबाव बना रही थी. इसी त्रिकोण के चक्कर में नारायण ने इंद्रावती को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची.
स्टेशन पर उतरे थे तीन लोग
सीसीटीवी फुटेज और तफ्तीश से साफ हुआ कि नारायण, इंद्रावती को मथुरा से ग्वालियर और फिर वहां से ट्रेन के जरिए भिंड लाया. सोनी रेलवे स्टेशन पर जब वे उतरे तो नारायण के साथ एक और साथी भी था. इसके बाद पिपरौली गांव के पास ले जाकर इंद्रावती की फावड़े से मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी नारायण बघेल समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT


