Bhopal BJP Protest: दिल्ली में कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन और राहुल गांधी के हिरासत में लिए जाने के घटनाक्रम के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजनीति गरमा गई है. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने दिल्ली के प्रदर्शन को 'अराजकता' करार देते हुए भोपाल की सड़कों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
ADVERTISEMENT
काले कपड़ों में सड़कों पर उतरे बीजेपी नेता
भोपाल में बीजेपी कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की सदस्य बड़ी संख्या में काले कपड़े पहनकर विरोध दर्ज करा रही हैं. प्रदर्शन में भोपाल के महापौर, विधायक भगवान दास सबनानी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए. प्रदर्शनकारी "देश विरोधी कांग्रेस" के नारे लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च कर रहे हैं.
पीएम सुरक्षा और छात्रों को भड़काने का आरोप
प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं का कहना है कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर नियमों और कानूनों का उल्लंघन किया जा रहा है. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों को भड़काया जा रहा है और यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री की सुरक्षा से खिलवाड़ जैसा है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि सरकार और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व (जेपी नड्डा) ने छात्रों से सीधे संवाद कर लिया था, लेकिन राहुल गांधी और विपक्षी नेता केवल "फोटो खिंचवाने" के लिए वहां पहुंचे.
कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच, पुलिस की कड़ी नाकेबंदी
रेड क्रॉस अस्पताल चौराहे से आगे बढ़ते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं की योजना प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की है. हालांकि, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोपाल पुलिस ने दो स्तर की बैरिकेडिंग की है और 'वज्र' वाहन की तैनाती की है. पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पिछली बार की तरह कार्यकर्ताओं में आपस में झड़प या तोड़फोड़ की नौबत न आए.
यह भी पढ़ें: Datia By Election: दतिया उपचुनाव में Congress की चाल को कैसे तोड़ेगी बीजेपी?
ADVERTISEMENT


