1500 CCTV और 20 पुलिस टीमें... हेमंत फिलमोन-शकुंतला हत्याकांड में 20 दिन बाद बड़ा खुलासा, ऐसे पकड़े गए आरोपी

आशुतोष मिश्रा

18 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 18 2026 12:11 PM)

Bhopal Murder Case: भोपाल के चर्चित डबल मर्डर केस में पुलिस ने 20 दिन की जांच के बाद बड़ा खुलासा किया है. 1500 सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक सबूतों की मदद से दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया. आरोप है कि करोड़ों की संपत्ति हथियाने के लालच में बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की गई.

भोपाल डबल मर्डर में बड़ा खुलासा
भोपाल डबल मर्डर में बड़ा खुलासा
Google CTA

Bhopal Double Murder Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया है. इस हाई प्रोफाइल मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए भोपाल पुलिस ने 20 दिनों तक दिन-रात एक कर दिया. पुलिस की 20 टीमों ने करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की. आखिरकार इस खौफनाक वारदात के पीछे दो सगे भाइयों का हाथ निकला, जिन्होंने करोड़ों की संपत्ति हड़पने के चक्कर में इस खौफनाक खेल को अंजाम दिया. बता दें कि भोपाल के एशबाग इलाके में बुजुर्ग दंपत्ति हेमंत फिलमोन और उनकी पत्नी शकुंतला फिलमोन की बीते दिनों बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद से लगातार पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.

Read more!

मकान से आती बदबू ने खोला राज

यह वारदात भोपाल के ओल्ड सुभाष नगर इलाके की है. इस मकान की पहली मंजिल पर बुजुर्ग दंपत्ति हेमंत फिलमोन और शकुंतला रहते थे, जो कई दिनों से अचानक लापता थे. जब मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाले किराएदार को नीचे से बहुत तेज बदबू आई, तो उसने तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए. हेमंत का शव फर्श पर और शकुंतला का शव सोफे पर पड़ा हुआ था. चारों तरफ खून फैला हुआ था. मामला डबल मर्डर का होने के कारण डीजीपी ने तुरंत आरोपियों पर ₹500 का इनाम घोषित कर दिया और एसआईटी का गठन किया गया.

करोड़ों की संपत्ति पर थी सगे भाइयों की नजर

पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों की पहचान सगे भाइयों के रूप में हुई है, जिनके नाम श्रीकांत और शशिकांत हैं. श्रीकांत कजलीखेड़ा का रहने वाला है. जांच में सामने आया कि ये दोनों भाई इस बुजुर्ग दंपत्ति की करोड़ों की संपत्ति पर काफी समय से नजर गड़ाए बैठे थे. दोनों भाइयों ने पहले धोखाधड़ी और जालसाजी का सहारा लिया. उन्होंने बुजुर्ग दंपत्ति को अपने झांसे में लेकर उनके आलीशान मकान का गिफ्ट डीड (दान पत्र) धोखे से अपने नाम करवा लिया. आरोपियों को लगा था कि बुजुर्गों की स्वाभाविक मौत के बाद यह करोड़ों का मकान आसानी से उनका हो जाएगा.

जब बदला सौदा, तो बना डाला मौत का प्लान

इस पूरी कहानी में ट्विस्ट तब आया जब बुजुर्ग दंपत्ति ने चालाकी को भांपते हुए इस मकान का सौदा किसी दूसरे व्यक्ति से तय कर दिया. दोनों भाइयों को जैसे ही भनक लगी कि करोड़ों की प्रॉपर्टी उनके हाथ से रेत की तरह फिसलने वाली है, वे डर गए. इसी लालच और डर के मारे उन्होंने दोनों बुजुर्गों को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने मालवा से अवैध हथियार खरीदे. पुलिस ने आरोपियों के पास से वह धोखे से तैयार कराई गई गिफ्ट डीड भी बरामद कर ली है.

भारी बारिश के शोर में वारदात को दिया अंजाम

आरोपी भाई बेहद शातिर थे, उन्होंने मर्डर के लिए मौसम और समय का बहुत सोच-समझकर चयन किया था. वारदात की रात इलाके में बहुत तेज बारिश हो रही थी. इसी भारी बारिश के शोर का फायदा उठाकर दोनों भाई घर में दाखिल हुए. उन्होंने पहले हेमंत को गोली मारी और फिर कोई गवाह या विरोध न बचे, इसलिए शकुंतला को भी मौत के घाट उतार दिया. बारिश की आवाज के कारण आसपास के पड़ोसियों को भनक तक नहीं लगी. पुलिस के सामने आरोपियों ने पहले बहुत नाटक किए, लेकिन 1500 सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक सबूतों के आगे वे टूट गए और अपना गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस अब मामले में शिवानी नामक महिला की भूमिका सहित अन्य कड़ियों की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: Datia By Election : दतिया में एक्टिव हो गए नरोत्तम, क्या उनको यही बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली थी ?