भोपाल में खूबसूरती बनी काल! ब्यूटिशियन को नशीली चाय पिलाकर धर्म परिवर्तन का दबाव, सहेली ही निकली 'हनीट्रैप' गैंग की मास्टरमाइंड

Bhopal Honeytrap Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 21 वर्षीय ब्यूटिशियन के साथ कथित हनीट्रैप, धर्म परिवर्तन के दबाव और गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी सहेली ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसे जाल में फंसाया और अलग-अलग शहरों में ले जाकर शोषण कराया. जानिए पूरा घटनाक्रम और पुलिस जांच की ताजा स्थिति.

Bhopal Honeytrap Case
Bhopal Honeytrap Case

आशुतोष शुक्ला

follow google news

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने दोस्ती और भरोसे के रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. छत्तीसगढ़ से अपना करियर बनाने भोपाल आई 21 साल की एक ब्यूटिशियन को उसकी सहेलियों ने ही ऐसे दलदल में धकेल दिया, जहां से निकलना उसके लिए नामुमकिन हो गया. आरोप है कि जिन लड़कियों को वह अपनी बहन मानती थी, उन्होंने ही उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की और कई लोगों से उसका रेप करवाया.

Read more!

भरोसे का कत्ल: सहेली ने ही रचा जाल

पीड़िता ने भोपाल के बागसेवनिया थाने में अपने मामा के साथ पहुंचकर आपबीती सुनाई. उसने बताया कि 31 दिसंबर 2024 को एक बर्थडे पार्टी में उसकी मुलाकात अमरीन उर्फ माहिरा नाम की युवती से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती बढ़ी और पीड़िता अमरीन के घर शिफ्ट हो गई. पीड़िता का आरोप है कि अमरीन ने पहले से ही अपनी एक और सहेली का धर्म परिवर्तन कराकर उसकी शादी अपने भाई से करवा दी थी. अब उसका अगला निशाना यह ब्यूटिशियन थी.

नशीली चाय, छोटे कपड़े और अहमदाबाद में गैंगरेप

पीड़िता के अनुसार, अमरीन का करीबी चंदन यादव उसे अगस्त 2025 में धमकाकर एक जगह ले गया और उसके साथ रेप किया. इसके बाद नवंबर 2025 में अमरीन उसे अपने परिजनों से मिलाने गांधीनगर ले गई, जहां उसके भाई बिलाल ने चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया.

यही नहीं, दिसंबर 2025 में अमरीन उसे बहाने से अहमदाबाद ले गई, जहां यासिर और आशु नाम के युवकों ने उसके साथ गलत काम किया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे जबरन छोटे कपड़े पहनाए जाते थे, पब और लाउंज में ले जाया जाता था और अनजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने के लिए मजबूर किया जाता था.

एक और पीड़िता आई सामने, देह व्यापार का खुलासा

इस मामले के सामने आते ही एक और युवती पुलिस के पास पहुंची. उसने बताया कि वह शादी-पार्टियों में वेटर का काम करती थी. अमरीन ने उसे फिक्स इनकम का लालच देकर अपने घर काम पर रखा, जहां चंदन यादव, चानू और यासिर ने उसके साथ कई बार रेप किया. बाद में उसे देह व्यापार के धंधे में भी धकेल दिया गया। इन लड़कियों की अश्लील फोटो खींचकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था.

पुलिस एक्शन और बजरंग दल की मांग

भोपाल पुलिस ने इस मामले में कुल चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल भी मैदान में उतर आया है. बजरंग दल ने इसे 'लव जिहाद' और 'धर्मांतरण' का संगठित रैकेट बताते हुए आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है.

यहां देखें वीडियो

इनपुट- धर्मेंद्र साहू

यह खबर भी पढ़ें: आईएएस पति को छोड़ 20 साल बड़े कांग्रेसी नेता से की थी शादी, अब सड़क पर आई सिखा सिंह, बयां कर रही दर्दनाक दास्तां

    follow google news