Bhopal Aishwarya Rai Murder Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां किशोरी की उसकी अपनी ही मां और मामा ने मिलकर हत्या कर दी. घटना का कारण बेटी का अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ा होना बताया जा रहा है. हत्या के बाद आरोपी बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से पूरे मामले का खुलासा हो गया.
ADVERTISEMENT
सगाई के बावजूद प्रेमी से शादी करना चाहती थी किशोरी
पुलिस के मुताबिक, करीब 6 महीने पहले मां ने युवती की शादी के लिए एक रिश्ता तय कर उसकी सगाई कर दी थी. हालांकि, मृतका इस रिश्ते से खुश नहीं थी क्योंकि वह किसी दूसरे युवक से प्रेम करती थी और उसी के साथ शादी करने की जिद कर रही थी. घटना वाले दिन मां ने युवकी के मोबाइल फोन में उसके प्रेमी की तस्वीरें देख लीं. इस बात को लेकर घर में तीखा विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद मां कमला और मामा विजय राय ने मिलकर उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
उल्टी-दस्त की बीमारी बताकर अंतिम संस्कार की थी तैयारी
हत्या के बाद परिजनों ने मामले को छिपाने की पूरी कोशिश की. मां ने पुलिस और आसपास के लोगों को गुमराह करते हुए दावा किया कि उल्टी-दस्त की बीमारी के कारण लड़की की मौत हुई है. आरोपी बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को जलाने की फिराक में थे. हालांकि, अस्पताल से मिली एमएलसी सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें मां और मामा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
मां बोली- 'जबरदस्ती नहीं की, गलती पर हत्या की'
गिरफ्तारी के बाद आरोपी मां ने मीडिया के सामने कहा कि उसकी बेटी उससे गंदा बोलती थी और गलती करने पर उसकी हत्या की गई है. फिलहाल पिपलानी पुलिस ने आरोपी मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT


