भोपाल में दो IAS अफसरों की शादी बनी चर्चा का विषय, दुल्हन का भाई भी IPS; जानें मिश्रा परिवार की कहानी

• 07:55 PM • 24 Nov 2026

Bhopal IAS Family: भोपाल के मिश्रा परिवार की कहानी इन दिनों चर्चा में है. परिवार की बेटी IAS पल्लवी मिश्रा ने पंजाब कैडर के IAS अधिकारी डॉ. आदित्य शर्मा से शादी की है, जबकि उनके भाई आदित्य मिश्रा देवास में IPS अधिकारी और SP हैं. आखिर कैसे पिता अजय मिश्रा ने 25 साल तक नर्मदा एक्सप्रेस से सफर कर बच्चों के सपनों को पूरा करने में योगदान दिया? जानिए इस परिवार की पूरी कहानी.

Mishra Family Success Story
भोपाल में दो IAS अधिकारियों की शादी सुर्खियों में
Google CTA

​​​​अक्सर जब भी किसी IAS-IPS अधिकारी की शादी होती है तो वह खबर बन ही जाती है. लेकिन सफलता की कहानियों के पीछे कई बार ऐसा संघर्ष छिपा होता है, जो कि दूसरों के लिए मिसाल बन जाता है. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिश्रा परिवार की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. इस परिवार में एक बेटी IAS अधिकारी है, बेटा IPS बनकर देवास जिले में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहा है और बेटी के जीवनसाथी भी IAS अधिकारी हैं. परिवार की इस उपलब्धि के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और पिता का ऐसा त्याग है, जिसकी कहानी लोगों को प्रेरित कर रही है.

Read more!

बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए पिता अजय मिश्रा ने करीब 25 साल तक नर्मदा एक्सप्रेस से सफर किया. काम की व्यस्तता और लंबी रेल यात्राओं के बावजूद उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य से कभी समझौता नहीं किया. आज उनके परिवार की उपलब्धियां उनके इसी संघर्ष और समर्पण की कहानी बयां कर रही हैं.

मिश्रा परिवार की चर्चा हाल ही में उस समय और बढ़ गई, जब IAS अधिकारी पल्लवी मिश्रा और पंजाब कैडर के IAS अधिकारी डॉ. आदित्य शर्मा 20 नवंबर को विवाह बंधन में बंध गए. इस शादी में प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं. खास बात यह है कि पल्लवी का भाई पहले से ही IPS अधिकारी है और देवास जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात है.

कौन हैं IAS पल्लवी मिश्रा?

भोपाल की रहने वाली पल्लवी मिश्रा ने अपनी शुरुआती शिक्षा के बाद दिल्ली स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी (ऑनर्स) की पढ़ाई पूरी की. कानून की पढ़ाई के साथ उनकी रुचि संगीत में भी रही और उन्होंने शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण भी लिया. पल्लवी के बड़े भाई आदित्य मिश्रा के IPS अधिकारी बनने के बाद उन्हें भी सिविल सेवा में जाने की प्रेरणा मिली.

इसके बाद उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की. अपनी मेहनत और लगन के दम पर पल्लवी ने दूसरे प्रयास में ही वर्ष 2022 की सिविल सेवा परीक्षा में 73वीं रैंक हासिल की और IAS बनने का सपना पूरा किया. वह 2023 बैच की IAS अधिकारी हैं. पंजाब कैडर में शामिल पल्लवी वर्तमान में अमृतसर में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं. इससे पहले वह जम्मू-कश्मीर और गोवा में भी प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं.

MBBS के बाद आदित्य शर्मा ने चुनी प्रशासनिक सेवा 

पल्लवी के पति डॉ. आदित्य शर्मा की सफलता की कहानी भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से MBBS की पढ़ाई पूरी की. डॉक्टर बनने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का फैसला किया.

इसके लिए उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली. उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 70 प्राप्त की. डॉ. आदित्य शर्मा भी 2023 बैच के पंजाब कैडर के IAS अधिकारी हैं. वर्तमान में वह तरनतारन जिले में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

पल्लवी के भाई देवास में संभाल रहे SP की जिम्मेदारी

पल्लवी के बड़े भाई आदित्य मिश्रा मध्यप्रदेश कैडर के 2018 बैच के IPS अधिकारी हैं. वर्तमान में वह देवास जिले के पुलिस अधीक्षक हैं. भोपाल के कैंपियन स्कूल से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने MANIT से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इसके बाद UPSC की तैयारी कर पुलिस सेवा में पहुंचे. पल्लवी की सिविल सेवा की तैयारी में भी बड़े भाई का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा.

पिता का 25 साल का संघर्ष बना सफलता की नींव

इस परिवार की उपलब्धियों के पीछे पिता अजय मिश्रा की भूमिका बेहद अहम रही है. वह सुप्रीम कोर्ट और जबलपुर हाईकोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं. बच्चों की पढ़ाई और बेहतर शैक्षणिक माहौल को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने परिवार को भोपाल में रखा, जबकि अपने पेशेवर काम के लिए उन्हें जबलपुर आना-जाना पड़ता था.

बताया जाता है कि अजय मिश्रा ने लगभग 25 वर्षों तक नर्मदा एक्सप्रेस से लगातार सफर किया. काम की व्यस्तता और लंबी रेल यात्राओं के बावजूद उन्होंने बच्चों की शिक्षा और भविष्य से समझौता नहीं किया. उनका यह लंबा संघर्ष आज परिवार की उपलब्धियों के रूप में सामने है.

मां और दादा का भी रहा अहम योगदान

पल्लवी और आदित्य की मां डॉ. रेणु मिश्रा कॉलेज में प्राचार्य की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं. उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, संस्कार और परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया. वहीं, उनके दादा महेश दत्त मिश्रा मध्यप्रदेश पुलिस में DSP रह चुके हैं. इस तरह मिश्रा परिवार में शिक्षा, कानून और पुलिस सेवा की मजबूत पृष्ठभूमि रही है. दादा ने पुलिस विभाग में सेवाएं दीं, पिता ने कानून के क्षेत्र में पहचान बनाई, मां ने शिक्षा जगत में योगदान दिया और अगली पीढ़ी ने IAS-IPS बनकर प्रशासनिक सेवाओं में मुकाम हासिल किया.

भोपाल के इस परिवार की कहानी केवल तीन अधिकारियों की सफलता तक सीमित नहीं है. यह उस सोच और समर्पण की कहानी है, जिसमें माता-पिता अपने बच्चों के सपनों को पूरा करने के लिए खुद कठिन रास्ते चुनते हैं. नर्मदा एक्सप्रेस का 25 साल का सफर इस बात की याद दिलाता है कि बड़ी उपलब्धियों के पीछे अक्सर परिवार का ऐसा त्याग होता है, जो सुर्खियों में भले देर से आए, लेकिन उसकी अहमियत कभी कम नहीं होती.

भगवान कृष्ण पर टिप्पणी के बाद बदले बाबा रामदेव के सुर, बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री को कहा 'पाखंडी'