क्यों इतनी खतरनाक है 'जुगाड़' से बनी कार्बाइड गन? पिछले साल 186 लोग हुए थे घायल, अब प्रशासन सख्त

आकांक्षा ठाकुर

• 06:21 PM • 28 Oct 2026

भोपाल में दीपावली पर हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. BNSS की धारा 163 के तहत कार्बाइड गन, कार्बाइड तोप और ऐसे खतरनाक उपकरणों के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.

NewsTak
ANI
Google CTA

दीपावली और आने वाले त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा हादसों को रोकने के लिए भोपाल पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस कमिश्नर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करते हुए कार्बाइड गन और धमाका करने वाले खतरनाक उपकरणों के निर्माण, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी है.

Read more!

पुलिस के आदेश के अनुसार, लोहे, स्टील या पीवीसी (PVC) पाइप में ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थ भरकर तेज धमाका करने वाले उपकरण गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं. इस प्रतिबंध के दायरे में कार्बाइड गन, कार्बाइड तोप, कार्बाइड लैम्प और इस प्रकार के अन्य सभी उपकरण शामिल हैं.

इन गतिविधियों पर रहेगा पूरी तरह से प्रतिबंध

पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के तहत निम्नलिखित गतिविधियों पर रोक लगाई गई है:

  • ऐसे उपकरणों का अवैध निर्माण, संयोजन, असेंबलिंग, मरम्मत या रूपांतरण करना.
  • इन्हें खरीदना-बेचना, बिक्री के लिए प्रदर्शित करना, वितरण करना, भंडारण करना और आपूर्ति करना.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसका मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पटाखों व विस्फोटक उपकरणों से होने वाले हादसों को रोकना है.

आंखों को नुकसान, आग और विस्फोट का बड़ा खतरा

पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले बाजारों, रिहायशी इलाकों और संकरी गलियों में इन उपकरणों का प्रयोग आसपास मौजूद लोगों के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है. बच्चों की मौजूदगी वाले स्थानों पर यह गतिविधियां और भी खतरनाक साबित हो सकती हैं. इनके इस्तेमाल से:

  • लोगों के घायल होने और त्वचा जलने का खतरा रहता है.
  • आंखों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.
  • क्षेत्र में आग लगने और अप्रत्याशित विस्फोट की घटनाएं हो सकती हैं.

पिछली दीपावली पर 186 लोग हुए थे घायल

भोपाल में दीपावली 2025 के दौरान पटाखों और कार्बाइड गन से जुड़ी घटनाओं के कारण 186 लोगों की आंखों में चोट आई थी. इनमें से 15 मरीजों को आंखों के इलाज के लिए सर्जरी करानी पड़ी थी, जबकि 10 मरीजों की आंखों में गंभीर चोटें आई थीं. उस समय प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए 55 कार्बाइड गन जब्त की गई थीं. बीते वर्ष हुए इन हादसों की पुनरावृत्ति को रोकने के उद्देश्य से इस बार त्योहारों से पहले ही यह सख्ती बरती जा रही है.