मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से स्कूटी चोरी का अजबी-गरीब मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस भी भौंचक्की रह गई है. भोपाल के हमीदिया अस्पताल परिसर से नर्सिंग ऑफिसर नीलू साहू की चोरी हुई स्कूटी का 12 दिन बाद ऐसा सुराग मिला है, जिसने अब पुलिस की जांच का एंगल ही बदल दिया है. खास बात यह है कि पुलिस को जो सुराग मिला है वह किसी जांच के दौरान नहीं बल्कि यातायात विभाग के ई-चालान से मिला है. इसमें सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि ई-चालान की तस्वीर में चोरी हुई स्कूटी कोई आम इंसान नहीं बल्कि खाकी वर्दी पहने एक लेडी कांस्टेबल चलाती हुई नजर आ रही है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरा मामला.
ADVERTISEMENT
22 अगस्त को चोरी हुई थी स्कूटी
मिली जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्र विहार कॉलोनी की रहने वाली नीलू साहू(32) भोपाल के हमीदिया अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर है. 22 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह अपने स्कूटी से ड्यूटी करने अस्पताल पहुंची. स्कूटी पार्क करके वह कार्यालय में साइन करने चली गई. फिर करीब आधे घंटे बाद जब वह बाहर लौटी तो उनकी स्कूटी गायब थी. उन्होंने पहले आसपास देखा, लेकिन जब स्कूटी नहीं मिली तो वह परेशान हो गई. दरअसल स्कूटी के अंदर बैग रखा था जिसमें उनका आईफोन, पैन कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड और कार की चाबी भी थी. फिर नीलू साहू ने कोहेफिजा थाने में अज्ञात के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई.
सीसीटीवी खंगालने पर पुलिस को क्या मिला?
मामला दर्ज होते ही कोहेफिजा पुलिस एक्शन में आ गई और उन्होंने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए. सीसीटीवी में साफ-साफ दिखा कि एक सफेद शर्ट पहना हुआ इंसान नीलू साहू की स्कूटी ले जा रहा है. पुलिस इसी फुटेज के आधार पर उस व्यक्ति और स्कूटी की तलाश करने लगी.
ऑनर के फोन पर आया मैसेज, बदल गया एंगल!
इसी बीच 2 सिंतबर को स्कूटी ऑनर नीलू साहू के फोन पर एक मैसेज आया. यह मैसेज यातायात विभाग की ओर से आया था, जहां उनका ई-चालान था. चालान दोपहर 12:22 बजे रोशनपुरा चौराहे का था. इस दौरान जब नीलू ने चालान के साथ लगी तस्वीर देखी तो उन्हें एकबार के लिए भरोसा ही नहीं हुआ. क्योंकि जो स्कूटी चोरी हो गई थी, वह एक खाकी वर्दी पहने हुए लेडी कांस्टेबल चला रही थी. जिसके बाद उन्होंने यह सारी जानकारी पुलिस को दी.
नीलू साहू ने लगाई गुहार
लेडी कांस्टेबल को स्कूटी चलाते हुए देख नीलू साहू की उम्मीदें थोड़ी ज्यादा बढ़ गई है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाया है कि मेरी स्कूटी जल्द ढूंढ दीजिए. नीलू ने बताया कि स्कूटी चोरी हो जाने के बाद से ही वह काफी परेशान है. अब जब ई-चालान में एक महिला पुलिस दिख रही है तो उन्होंने कहा कि पुलिस तेजी से कार्रवाई करें और जल्द से जल्द आरोपी को पकड़े.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने कही ये बातें!
वहीं इस मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित का कहना है कि, 22 अगस्त को हमीदिया अस्पताल परिसर से एक नर्सिंग ऑफिसर की स्कूटी चोरी हुई थी. उसके बाद महिला ने कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, फिर पुलिस स्कूटी को ढूंढ रही थी. मगर अब फरियादी के मोबाइल पर ई-चालान आया है. 2 सितंबर को स्कूटी रोशनपुरा चौराहे पर देखी गई है, पुलिस जांच कर रही है आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है की स्कूटी पर सवार कौन था और जो वर्दी में दिख रही महिला और अस्पताल परिसर से स्कूटी ले जाने वाला पुरुष कौन है. उन्होंने आगे कहा कि, जल्दी हमको इस मामले में सफलता मिलेगी और हम चोर को जल्दी पकड़ने में सफलता मिलेगी.
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि हमीदिया अस्पताल से चोरी हुई स्कूटी आखिर इस महिला तक कैसे पहुंची? क्या महिला खुद चोरी में शामिल थी या फिर किसी अन्य व्यक्ति से उसे यह स्कूटी मिली? हालांकि इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे. कोहेफिजा पुलिस ई-चालान की तस्वीर और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है.
ADVERTISEMENT


