मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से सत्ता के नशे में चूर एक विधायक पुत्र की दबंगई का मामला सामने आया है. पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से 5 लोगों को कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि एक घायल युवक की पीठ पर टायर के निशान तक छप गए हैं. हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद भी विधायक पुत्र के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी और वह मौके पर मोबाइल चलाता हुआ और वीडियो बनाने वालों को धमकाता हुआ नजर आया.
ADVERTISEMENT
बेकाबू थार ने मचाया तांडव
हादसा करेरा थाने के ठीक सामने हुआ. विधायक पुत्र दिनेश लोधी एक बिना नंबर की थार गाड़ी चला रहा था, जिस पर नंबर प्लेट की जगह 'विधायक' लिखा हुआ था. तेज रफ्तार थार ने तीन मोटरसाइकिल सवारों और दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद जब लोगों ने उसे रोका, तो वह उल्टा पीड़ितों पर ही दोष मढ़ने लगा. उसने कहा कि वह हॉर्न बजा रहा था लेकिन बाइक सवार 'लहरा' रहे थे. वीडियो में वह बेफिक्र होकर मोबाइल देखता और लोगों को धमकाता हुआ साफ दिख रहा है.
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की और एफआईआर में विधायक पुत्र का नाम तक दर्ज नहीं किया. हालांकि, जब एमपी तक ने इस खबर को प्रमुखता से चलाया और दबाव बना, तब जाकर पुलिस ने होश संभाला और एफआईआर में दिनेश लोधी का नाम शामिल किया. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और गाड़ी को जब्त कर लिया गया है.
पुराना है कांड का इतिहास
दिनेश लोधी का विवादों से पुराना नाता है. नई सरकार बनने के मात्र 20 दिन बाद ही उस पर ग्वालियर में 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा था. साल 2024 में भी उसने स्कॉर्पियो से एक व्यक्ति को कुचलने की कोशिश की थी, जिसके लिए वह जेल भी जा चुका है. सोशल मीडिया पर उसका एक धमकी भरा ऑडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह एक व्यक्ति को 'पैरों पर चल पाओगे या नहीं' जैसी धमकियां देता सुनाई दे रहा था.
विधायक पिता ने बताया 'आवारा'
दिलचस्प बात यह है कि विधायक प्रीतम लोधी खुद अपने बेटे की हरकतों से पल्ला झाड़ चुके हैं. फरवरी 2023 में उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने बेटे को आवारा और नशे का आदि घोषित कर दिया था. उन्होंने लोगों से अपील की थी कि उनके बेटे से कोई लेनदेन न करें. ताजा हादसे के बाद विधायक ने फेसबुक पर लिखा कि उनके लिए परिवार से बड़ी जनता है और पुलिस को पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए. हालांकि, बड़ा सवाल यह है कि अगर विधायक पुत्र इतना ही बेलगाम है, तो उसे बार-बार कानून तोड़ने की हिम्मत कहां से मिल रही है?
यहां देखें वीडियो
शिवपुरी: BJP विधायक के बेटे का थार से तांडव! 3 को रौंदा, फिर पीड़ितों को ही दी धमकी; वीडियो वायरल
ADVERTISEMENT


