दतिया उपचुनाव से पहले BJP प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बड़ा बयान, नरोत्तम मिश्रा की तारीफ में कही ये बात

आकांक्षा ठाकुर

• 10:27 AM • 14 Jul 2026

मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया उपचुनाव में पार्टी की जीत का पूरा भरोसा जताया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की नाराजगी पूरी तरह दूर हो चुकी है और बीजेपी इस चुनाव में भारी बहुमत से विजयी होगी.

नरोत्तम मिश्रा-हेमंत खंडेलवाल
नरोत्तम मिश्रा-हेमंत खंडेलवाल
Google CTA

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर राज्य का सियासी पारा बेहद गर्म है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं.  इस बीच, मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन के बाद MP Tak से एक्सक्लूसिव बातचीत की. इस बातचीत में उन्होंने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जमकर तारीफ की और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर भी बड़ा दावा किया.

Read more!

नरोत्तम मिश्रा ने खुद संभाली दतिया की कमान

बीजेपी के नामांकन के दौरान एक खास तस्वीर देखने को मिली, जब वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा खुद बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी का हाथ थामकर नामांकन दर्ज कराने पहुंचे. इस पर बात करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा:

"दतिया में चुनाव हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव जी और हमारे वरिष्ठ नेता, जिन्होंने दतिया को एक नई पहचान दी है, ऐसे नरोत्तम मिश्रा जी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा. हमारे सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ेंगे और हमें मतदाताओं का असीम प्यार मिल रहा है." 

जब उनसे कार्यकर्ताओं की कथित नाराजगी और सीएम हाउस में हुई बैठकों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि कार्यकर्ताओं का नरोत्तम मिश्रा से एक गहरा भावनात्मक रिश्ता है. उनके मुताबिक, जो भी थोड़ी-बहुत क्षणिक नाराजगी थी, उसे संगठन और खुद नरोत्तम जी ने बातचीत के जरिए दूर कर दिया है. अब नरोत्तम मिश्रा ने खुद चुनाव को लीड करने का जिम्मा लिया है ताकि आशुतोष तिवारी को भारी बहुमत से जीत दिलाई जा सके. 

2023 की हार और कांग्रेस पर निशाना

साल 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को दतिया सीट पर हार का सामना करना पड़ा था. इस हार पर बोलते हुए खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झूठे आश्वासन देकर उस समय नरोत्तम मिश्रा को हराने का काम किया था. हालांकि, उन्होंने दावा किया कि पिछले दो वर्षों में जनता ने देख लिया है कि दतिया में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है. नामांकन रैली में उमड़ी भारी भीड़ का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जनता में भारी उत्साह है और बीजेपी इस उपचुनाव को भारी बहुमत से जीतेगी. 

दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा बीजेपी नेताओं पर दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि साल 2003 तक मध्य प्रदेश को पीछे धकेलने का काम दिग्विजय सिंह ने ही किया था, जिसे प्रदेश का एक-एक मतदाता जानता है. उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह बीजेपी के लोकप्रिय नेताओं के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जनता मतदान के दिन बीजेपी को जिताकर उन्हें करारा सबक सिखाएगी.