MP के छतरपुर में Gen Alpha बच्चों ने रोका राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला, जानें क्या कर रहे थे मांग

लोकेश चौरसिया

17 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 17 2026 5:22 PM)

Minister Dilip Ahirwar Convoy Stopped: छतरपुर के चंदला में स्कूली बच्चों (Gen Alpha) ने पक्की सड़क और बिजली की मांग को लेकर MP सरकार के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोक दिया. बच्चों की हिम्मत देखकर मंत्री जी ने खुद गाड़ी रुकवाई और उनकी समस्या सुनकर जनपद CEO को तुरंत सड़क बनवाने का निर्देश दिया. जानिए पूरी इनसाइड स्टोरी.

छतरपुर में Gen Alpha का अनोखा प्रदर्शन
छतरपुर में Gen Alpha का अनोखा प्रदर्शन
Google CTA

Gen Alpha School Protest Chhatarpur: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले के चंदला विधानसभा क्षेत्र में हाथों में बैनर और झंडे लिए छोटे-छोटे स्कूली बच्चों (Gen Alpha) ने राज्य सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला रोक दिया. बच्चों ने मंत्री जी की गाड़ी के सामने खड़े होकर स्कूल तक पक्की सड़क, बाउंड्रीवॉल और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान करने की मांग रखी.

Read more!

बसराही स्कूल के बच्चों ने उठाई आवाज

पूरा मामला छतरपुर के चंदला क्षेत्र अंतर्गत बसराही स्थित माध्यमिक शाला का है. यहां पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राएं लंबे समय से स्कूल तक जाने वाले कच्चे और बदहाल रास्ते, बिजली की किल्लत और परिसर की सुरक्षा को लेकर परेशान थे. जब बच्चों को खबर मिली कि क्षेत्र के विधायक और राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार का काफिला उनके इलाके से गुजर रहा है, तो तमाम स्कूली छात्र-छात्राएं हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर सड़क पर उतर आए.

'जय भाई दादा' के नारों के साथ रोका काफिला

छात्रों ने 'जय भाई दादा' के नारों के साथ मंत्री जी की गाड़ी को रुकवा लिया. अचानक इतनी बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों को सड़क पर देखकर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने अपनी गाड़ी रुकवाई और गाड़ी से उतरकर खुद बच्चों के बीच पहुंचे. मंत्री ने बच्चों को प्यार से समझाते हुए एक-एक करके अपनी बात रखने को कहा. छात्रों ने बेबाकी से मंत्री जी को बताया कि उनके स्कूल तक पहुंचने के लिए कोई पक्की सड़क नहीं है, जिससे बरसात के दिनों में काफी परेशानी होती है.

मंत्री जी ने दिया सड़क निर्माण का आश्वासन

बच्चों की शिकायत सुनने के बाद राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि स्कूल के रास्ते के बीच में कुछ निजी (प्राइवेट) जमीन आ रही थी. उन्होंने बताया कि जमीन मालिक से बात हो गई है और मामले को सुलझा लिया गया है. मंत्री ने मौके से ही जनपद सीईओ को तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि बाउंड्रीवॉल पहले से बनी हुई है और पक्की सड़क का काम जल्द से जल्द पूरा करा दिया जाएगा.

MP में पहले भी सड़कों पर उतर चुके हैं छात्र

मध्य प्रदेश में यह पहली बार नहीं है जब स्कूली छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हों. इससे पहले विदिशा और उज्जैन में भी छात्राओं ने अपने अधिकारों और स्कूल-कॉलेज की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद प्रशासन को झुकना पड़ा था. अब देखना होगा कि छतरपुर के बसराही स्कूल के बच्चों को यह सड़क कब तक बनकर मिलती है.

यह भी पढ़ें: MP में मानसून का सुपर मोड, 18 अगस्त को कई जिलों में तेज बारिश के आसार, जानिए आपके में बरसेंगे बादल या नहीं