CM Mohan Yadav Suspends 7 Officers: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक बार फिर अपने पुराने और सख्त एक्शन वाले अंदाज में नजर आए हैं. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बड़वानी के तालून पहुंचे सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अच्छा काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सरकार पूरा सम्मान करेगी, लेकिन काम में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बड़वानी में समाधान ऑनलाइन और जन शिकायतों की समीक्षा के दौरान विभिन्न योजनाओं में अनियमितता सामने आने पर मुख्यमंत्री का कड़ा चाबुक चला.
ADVERTISEMENT
समाधान ऑनलाइन की समीक्षा में सामने आईं गड़बड़ियां
दरअसल, समीक्षा बैठक के दौरान समाधान ऑनलाइन में लंबित शिकायतों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में कई तरह की लापरवाहियां सामने आईं. इस पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने तत्कालीन तहसीलदार आशा परमार, पटवारी मांगीलाल नरगावे और ललित बोरसे के खिलाफ तत्काल निलंबन के निर्देश दिए.
पीएम आवास और संबल योजना में धांधली पर गिरी गाज
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतों में लापरवाही पाए जाने पर तत्कालीन सीएमओ मायाराम सोलंकी, जगदीश धांगड़ और सहायक यंत्री राजू डाबर पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए. वहीं संबल योजना के तहत हितग्राहियों को दी जाने वाली सहायता राशि के भुगतान में अनपेक्षित देरी करने के मामले में तत्कालीन जनपद पंचायत सीईओ सौरभ सिंह राठौड़ को निलंबित करने के निर्देश दिए गए.
नर्मदा घाट निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की सौगात
कार्रवाई के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने बड़वानी जिले के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का ऐलान भी किया. सरदार सरोवर बांध के कारण डूबे नर्मदा नदी के पुराने घाटों की जगह नए घाट बनाने के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की गई.
शिक्षा, धरोहर संरक्षण और कृषि को लेकर कई बड़े फैसले
सीएम मोहन यादव ने घोषणा की कि भीमा नायक महाविद्यालय को ऑनलाइन परीक्षाओं का केंद्र बनाया जाएगा ताकि स्थानीय छात्रों को संभाग मुख्यालय न जाना पड़े. ऐतिहासिक सेंधवा किले और राजवाड़े के जीर्णोद्धार के लिए पुरातत्व विभाग को काम पर लगाने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा बड़वानी जिले में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने और कपास प्रसंस्करण को बढ़ावा देने का फैसला लिया गया ताकि किसानों को उनकी कृषि उपज का बेहतर मूल्य मिल सके.
यह भी पढ़ेें: मामा शिवराज के इलाके में Gen Alpha के आगे झुका प्रशासन? जोरदार प्रदर्शन के बाद बदलना पड़ा फैसला, जानें पूरा मामला?
ADVERTISEMENT


