दमोह में दलित दूल्हे को घोड़ी पर चढ़ना पड़ा भारी, दबंगों ने सड़क पर पटककर पीटा, वीडियो वायरल

Damoh dalit groom attack: दमोह के बिजोरी पाठक गांव में दलित दूल्हे के साथ बर्बरता की घटना ने समाज को झकझोर दिया. घोड़ी पर चढ़कर बारात निकाल रहे दूल्हे को दबंगों ने सड़क पर पटककर पीटा जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. जानिए पूरी घटना, आरोपियों के नाम और पुलिस की कार्रवाई.

Damoh dalit groom attack
Damoh dalit groom attack

शांतनु भारत

follow google news

मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो सभ्य समाज और जातिगत समानता के दावों पर सवालिया निशान लगाती है. यहां के बिजोरी पाठक गांव में एक दलित दूल्हे को घोड़ी पर चढ़कर दबंगों के मोहल्ले से गुजरना भारी पड़ गया. दबंगों ने न केवल दूल्हे को घोड़ी से नीचे उतारा, बल्कि उसे और उसके परिजनों को बेरहमी से पीटा भी. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है जहां साफ देखा जा सकता है कि दबंगई देखी जा सकती है. 

Read more!

क्या है पूरा मामला?

घटना मंगलवार शाम की है, जब बिजोरी पाठक गांव का निवासी दिव्यांग दूल्हा गोलू अहिरवार घोड़ी पर सवार होकर अपनी रवाई (निकासी) निकाल रहा था. जैसे ही बारात लोधी समाज के दबंगों के मोहल्ले में पहुंची, वहां मौजूद कुछ लोगों को यह नागवार गुजरा. आरोप है कि दबंगों के अहंकार को ठेस पहुंची कि एक दलित दूल्हा उनकी दहलीज से घोड़ी पर बैठकर कैसे निकल सकता है.

लाठियों और थप्पड़ से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दर्जनों दबंगों ने अचानक बारात पर हमला कर दिया. उन्होंने दिव्यांग दूल्हे को जबरन घोड़ी से नीचे पटका और उसकी पिटाई शुरू कर दी. इस हमले में दूल्हे के अलावा परिवार के तीन-चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं. आरोपियों में विश्वनाथ लोधी, बिच्छू लोधी, पलटू लोधी और चिन्नू लोधी के नाम सामने आए हैं.

शेरवानी पहनकर थाने पहुंचा दूल्हा

अपमान और चोट से आहत दूल्हा शादी के मंडप में जाने के बजाय अपनी शेरवानी में सीधे हटा थाना पहुंचा. पीड़ित परिवार ने थाने के सामने इंसाफ की गुहार लगाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट और मारपीट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.

पुलिस सुरक्षा में हुई शादी

पुलिस ने दूल्हे का मेडिकल कराया और उसे सुरक्षा मुहैया कराई. इसके बाद बारात को आगे की रस्मों के लिए बक्सावा रवाना किया गया. हटा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम मौके पर भेजी गई है और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

यहां देखें वीडियो

आईपीएस आयुष जाखड़ को धमकी देकर फंसे BJP विधायक प्रीतम लोधी, IPS एसोसिएशन ने अब खोला मोर्चा

    follow google news