मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सूबे की सियासत पूरी तरह से गरमा गई है. कांग्रेस ने यहां से अनुभवी नेता घनश्याम सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है, जिन्होंने अपना नामांकन दाखिल करने के बाद आज से अपने धुआंधार आधिकारिक प्रचार (Official Political Campaign) की शुरुआत कर दी है. चुनाव प्रचार के पहले ही दिन कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को लेकर कई बड़े और तीखे बयान दिए हैं.
ADVERTISEMENT
ऊपरी है बीजेपी का डैमेज कंट्रोल
हाल ही में भाजपा मंच पर नरोत्तम मिश्रा भावुक नजर आए थे, जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि बीजेपी ने रूठे कार्यकर्ताओं को मनाकर डैमेज कंट्रोल कर लिया है. इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा, "बीजेपी का डैमेज कंट्रोल पूरी तरह ऊपरी है. अंदर इतनी बड़ी खाई है कि उसकी भरपाई हो ही नहीं सकती. नरोत्तम जी चाहे घर-घर जाएं या कुछ भी करें, उनके कार्यकर्ता मानने वाले नहीं हैं. आधे से ज्यादा बीजेपी कार्यकर्ता अब मेरी तरफ आ चुके हैं."
नरोत्तम मिश्रा की तारीफ के पीछे छिपी रणनीति?
हैरानी की बात यह रही कि कांग्रेस प्रत्याशी ने नरोत्तम मिश्रा की तारीफ करते हुए बीजेपी आलाकमान को घेरा. उन्होंने कहा, "नरोत्तम मिश्रा का हक बनता था, वह पिछले चुनाव में बहुत ज्यादा मार्जिन से नहीं हारे थे. उन्होंने क्षेत्र में मेहनत की, पैसा, एनर्जी और समय खर्च किया, तब जाकर बीजेपी के लिए दोबारा यह मौका पैदा हुआ. लेकिन उनकी मेहनत का पुरस्कार किसी ऐसे व्यक्ति (आशुतोष तिवारी) को दे दिया गया जो कभी क्षेत्र की जनता से जुड़ा ही नहीं."
मरे हुए को क्या गोली मारना...
दिग्विजय सिंह के नरोत्तम मिश्रा पर दिए बयान और नरोत्तम के खिलाफ आक्रामक न होने के सवाल पर घनश्याम सिंह ने एक बड़ा रूपक इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा, "तात्कालिक इलेक्शन सिनेरियो में नरोत्तम मिश्रा अब प्रत्याशी ही नहीं हैं, सामने आशुतोष तिवारी हैं. जो सामने ही नहीं है, उसके खिलाफ हम क्यों बोलें? एक तरह से... जो मरे हुए के समान है, उस मरे मराए में क्या गोली मारना! जो दुश्मन जिंदा सामने खड़ा है, हम उस पर राजनीतिक हमला करेंगे."
रोने वाले वीडियो पर कसा तंज
मंच पर नरोत्तम मिश्रा के रोने और सीएम द्वारा उन्हें ढाढस बंधाने के सवाल पर घनश्याम सिंह ने दावा किया कि इससे बीजेपी को फायदा नहीं बल्कि नुकसान होगा. उन्होंने भाजपा के जिला महामंत्री अतुल भूरे चौधरी की कथित पोस्ट का हवाला देते हुए कहा कि नरोत्तम के रोने से उनके कट्टर समर्थक बौखला गए हैं. रोकर नरोत्तम मिश्रा ने जानबूझकर अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि भाजपा को हराओ, क्योंकि पार्टी ने आज उनकी यह स्थिति कर दी है.
स्टार प्रचारकों की लिस्ट पर घेरा
बीजेपी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नरोत्तम मिश्रा का नाम 16वें नंबर पर होने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "जब पार्टी ने उनका टिकट ही काट दिया और उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने लायक ही नहीं समझा, तो वह दिल से तो स्टार प्रचारक रहे नहीं. केवल डैमेज कंट्रोल करने और उन्हें मनाने के लिए 16वें नंबर पर रख दिया गया है."
25 हजार से ज्यादा मार्जिन से जीत का दावा
वर्ष 2023 के चुनाव में कांग्रेस यहां 7 हजार से अधिक वोटों से जीती थी. इस बार अपनी जीत का दावा ठोकते हुए घनश्याम सिंह ने कहा कि बीजेपी उम्मीदवार (आशुतोष तिवारी) उनकी सबसे बड़ी कमजोरी हैं और क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा लहर है. इस उपचुनाव में कांग्रेस 25,000 से ज्यादा वोटों के रिकॉर्ड मार्जिन से जीत दर्ज करेगी.
ADVERTISEMENT


