दतिया उपचुनाव: क्या खत्म हो रहा है बीजेपी के 'पावरफुल' नेता नरोत्तम मिश्रा का सियासी सफर? समझिए पूरा गणित

आशुतोष शुक्ला

24 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 24 2026 9:33 AM)

दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद पीएम मोदी और आलाकमान के रुख से साफ है कि बीजेपी में नरोत्तम मिश्रा दरकिनार हो चुके हैं. 2023 की हार और स्थानीय नाराजगी के बीच उपचुनाव के नतीजे ही अब उनके सियासी भविष्य का फैसला करेंगे.

नरोत्तम मिश्रा
नरोत्तम मिश्रा
Google CTA

मध्य प्रदेश की राजनीति में कभी सबसे कद्दावर और ताकतवर चेहरों में गिने जाने वाले पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा इस समय अपनी सियासी यात्रा के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. दतिया उपचुनाव में बीजेपी की ओर से टिकट न मिलने के बाद से ही पूरे प्रदेश में यह चर्चा तेज़ हो गई है कि क्या भारतीय जनता पार्टी ने नरोत्तम मिश्रा को किनारे कर दिया है या संगठन में उनके लिए कोई नई भूमिका तैयार की जा रही है.

Read more!

जब उपचुनाव के लिए बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा का पत्ता काटकर आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया, तो उनके समर्थकों का गुस्सा सड़कों पर साफ देखा गया. हालांकि, पार्टी आलाकमान के रुख को देखते हुए नरोत्तम मिश्रा ने आशुतोष तिवारी के नामांकन में हिस्सा लिया और भावुक होते हुए पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा जताई. उन्होंने साफ कहा कि "जिस बीजेपी ने मुझे फर्श से अर्श तक पहुंचाया, मैं उसका साथ कभी नहीं छोड़ सकता."

2023 की हार और स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी

कभी प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में गिने जाने वाले नरोत्तम मिश्रा का दतिया में इतना दबदबा था कि कांग्रेस का कोई बड़ा झंडा-बैनर भी मुश्किल से दिखता था. लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें अचानक हार का सामना करना पड़ा.

स्थानीय जानकारों और पत्रकारों के मुताबिक, इस हार के पीछे दो मुख्य वजहें थीं:

  • अधिकारियों और करीबियों की घेराबंदी: गृह मंत्री रहने के दौरान उनके आसपास के लोगों पर आम जनता और कार्यकर्ताओं से उन्हें दूर रखने के गंभीर आरोप लगे.
  • स्थानीय चुनावों में समर्थकों को तरजीह: नगर पालिका और पंचायत चुनावों में उन्होंने केवल अपने करीबियों को टिकट दिए, जिससे बीजेपी का मूल कार्यकर्ता उनसे बुरी तरह नाराज हो गया.

उपचुनाव का परिणाम तय करेगा नरोत्तम का भविष्य

दतिया उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को टिकट दिए जाने के पीछे भी यही माना जा रहा है कि पार्टी आलाकमान को नरोत्तम मिश्रा की जीत पर पूरा भरोसा नहीं था. अब मध्य प्रदेश की सियासत में यह सवाल तैर रहा है कि उपचुनाव के नतीजों के बाद नरोत्तम मिश्रा का क्या होगा:

यदि आशुतोष तिवारी जीतते हैं: तो दतिया क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत होगी और 2028 के आम विधानसभा चुनावों में भी उनका दावा मजबूत हो जाएगा. ऐसे में नरोत्तम मिश्रा हाशिए पर जा सकते हैं.

यदि बीजेपी प्रत्याशी हारते हैं: तो भी हार का ठीकरा या भूमिका पर सवाल उठ सकते हैं, जिससे उनके राजनीतिक करियर की आगे की राह बेहद कठिन हो जाएगी.

फिलहाल नरोत्तम मिश्रा पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार तो कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की राजनीति में उनके लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल नजर नहीं आ रही हैं.

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के प्रदर्शन के बाद भोपाल में गरमाई सियासत, काले कपड़ों में सड़क पर उतरी बीजेपी, बढ़ी हलचल