दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर बीजेपी में 'महाभारत', कांग्रेस बोली- 'बीजेपी की आग में MP को मत झोंको'

न्यूज तक डेस्क

• 06:14 PM • 11 Jul 2026

Datia Bypoll Election: दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से नाराज समर्थकों ने हाईवे जाम कर भारी पथराव किया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई.

नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने से गरमा गई है मध्य प्रदेश की राजनीति. (photo: ITG)
नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने से गरमा गई है मध्य प्रदेश की राजनीति. (photo: ITG)
Google CTA

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले ही सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा का पत्ता साफ कर आशुतोष तिवारी को मैदान में क्या उतारा, पार्टी के भीतर ही बगावत के शोले भड़क उठे हैं. टिकट कटने से नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने ऐसा हंगामा काटा कि कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं. अब इस अंदरूनी कलह को मुद्दा बनाकर कांग्रेस ने बीजेपी और सरकार पर चौतरफा हमला शुरू कर दिया है.

Read more!

टिकट की घोषणा के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. उग्र कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ हाईवे जाम कर दिया, बल्कि जमकर पथराव भी किया. इस हंगामे के चलते देखते ही देखते हाईवे पर करीब 15 किलोमीटर लंबा गाड़ियों का महाजाम लग गया. हालात इतने बेकाबू हो गए कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. आखिरकार पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और जैसे-तैसे स्थिति पर काबू पाया.

जीतू पटवारी का तीखा हमला

बीजेपी के इस घमासान पर चुटकी लेते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को आड़े हाथों लिया है. पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, "गृह मंत्री मोहन यादव हाज़िर हो! ये उपद्रवी और हुड़दंगी आपकी पार्टी के कार्यकर्ता हैं. बीजेपी के भीतर लगी आग से मध्य प्रदेश नहीं जलना चाहिए."

जीतू पटवारी ने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के पास ही गृह विभाग की भी जिम्मेदारी है इसलिए सूबे की कानून-व्यवस्था को संभालना उन्हीं का काम है. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी की आपसी गुटबाजी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है.

डबरा से दिल्ली तक हलचल

इस सियासी ड्रामे की गूंज अब ग्वालियर-चंबल संभाग से होते हुए नरोत्तम मिश्रा के पैतृक नगर डबरा तक पहुंच चुकी है. डबरा में मिश्रा के आवास के बाहर सुबह से ही नाराज कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा. दिनभर बैठकों और चौपालों का दौर चलता रहा. कार्यकर्ताओं का साफ कहना है कि पार्टी ने एक कद्दावर और अनुभवी नेता के साथ नाइंसाफी की है. समर्थकों ने नए उम्मीदवार आशुतोष तिवारी पर तंज कसते हुए कहा, "पार्टी ने जिसे टिकट दिया है, उसे क्षेत्र में कोई जानता तक नहीं है." समर्थकों की मांग है कि टिकट बदलकर वापस नरोत्तम मिश्रा को ही उम्मीदवार बनाया जाए. अपनी बात आलाकमान तक पहुंचाने के लिए समर्थकों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली कूच करने की तैयारी में है.

नरोत्तम मिश्रा अचानक दिल्ली रवाना

इस पूरे विवाद के बीच एक और बड़ी खबर सामने आई है. नरोत्तम मिश्रा शुक्रवार की देर रात अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. उनके इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है. हालांकि बीजेपी आलाकमान या संगठन की तरफ से टिकट बदलने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान या संकेत सामने नहीं आया है. लेकिन दतिया की इस जंग ने उपचुनाव से पहले बीजेपी की टेंशन जरूर बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें: Datiya By-election: दतिया में टिकट कटने के बाद आया नरोत्तम मिश्रा का पहला बयान, बोलें- सड़कों पर गुस्सा...