Datia bypoll: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. पार्टी ने इस बार राज्य के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को चुनावी मैदान में उतारा है. टिकट कटने के बाद से ही नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में काफी गुस्सा देखा जा रहा था और खुद मिश्रा भी इस फैसले से नाराज चल रहे थे. इस बीच अब इस पूरे घटनाक्रम पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'एमपी तक' से खास बातचीत की है. नरोत्तम मिश्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा का इस क्षेत्र से वर्षों से लगाव रहा है. उनका जनता के साथ एक गहरा रिश्ता भी है और यह बात बिल्कुल सही है कि वह यहां के बहुत अच्छे और सम्मानित नेता हैं. जनता से इसी लगाव के कारण वह अपनी अपील बहुत भावुक रूप से कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
2023 में कांग्रेस ने झूठ बोलकर जीत हासिल की- सीएम
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया में बीजेपी की जीत का दावा करते हुए कहा कि दतिया में बीजेपी का हमेशा से विजय का अपना एक रिकॉर्ड रहा है. साल 2023 में कांग्रेस ने झूठ बोलकर जो जीत हासिल की थी, उसने दतिया के विकास के सारे रास्ते बंद कर दिए थे. इसकी वजह से ढाई साल का समय बहुत खराब हुआ है. अब जब दिल्ली और मध्य प्रदेश दोनों जगह हमारी बीजेपी सरकार है तो हम सरकार के साथ रहकर जनता के रुके हुए काम तुरंत कराने के लिए कटिबद्ध हैं. नरोत्तम मिश्रा और हम सब मिलकर पूरी ताकत के साथ यहां विकास के वो सारे काम करेंगे जिनकी जरूरत है.
दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार
वहीं दिग्विजय सिंह के बयान और राजनीतिक बयानबाजी पर सीएम ने कहा कि चुनाव में हम सबको मर्यादा में रहना चाहिए. नरोत्तम दतिया के बहुत सम्मानित नेता हैं और उनके कारण दतिया का नक्शा बदला है. विकास के मामले में कांग्रेस का उनके लिए हल्के शब्दों का इस्तेमाल करना खुद कांग्रेस को बहुत भारी पड़ेगा.
बीजेपी की एकजुटता और कांग्रेस की नाराजगी पर बड़ा दावा
मुख्यमंत्री से कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि नाराजगी तो असल में कांग्रेस में दिखाई दे रही है. कांग्रेस के प्रत्याशी और उनके समानांतर जो दूसरे नेता टिकट मांग रहे थे, उनमें से कोई भी घोषित प्रत्याशी के साथ फॉर्म भरने नहीं गया. यह बात अपने आप में सब कुछ साफ कर देती है. इसके उलट बीजेपी के लिए नरोत्तम से लेकर पार्टी के सारे लोग पूरी तरह एकजुट होकर फॉर्म भरवाने आए, जो कि बहुत बड़ी बात है.
लगातार चुनाव प्रचार के मोड में रहने पर सीएम ने कहा कि बीजेपी का हर कार्यकर्ता चुनाव के दिन का इंतजार नहीं करता, बल्कि हर दिन तैयार रहता है. यही हमारी पार्टी के लिए गर्व की बात है. पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, जो हर चुनाव को पूरी गंभीरता से लेती है. मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि दतिया में एक बार फिर बीजेपी भारी बहुमत के साथ जीत का परचम लहराएगी.
आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा
आपको बात दें कि सोमवार को आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया. इस रैली के मंच पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए और रोने लगे. वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंच पर पहुंचे थे और मुख्यमंत्री ने उनका हाथ पकड़ रखा था. नरोत्तम मिश्रा जैसे ही मंच पर बैठे, वह अपने आंसू रोक नहीं पाए, पानी पीने लगे और अपना मुंह पोछते नजर आए. नरोत्तम मिश्रा इस सीट से खुद उम्मीदवार बनने के बड़े दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने उनकी जगह आशुतोष तिवारी को मौका दिया है.
ADVERTISEMENT


