परिसीमन और महिला आरक्षण पर गरमाई एमपी की सियासत, संसद के विशेष सत्र से पहले बीजेपी की बैठक, विपक्ष ने उठाए सवाल

29 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 29 2026 8:10 PM)

संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर सियासत गरमा गई है. बीजेपी ने सांसदों की बैठक बुलाई है, वहीं राहुल गांधी और उमंग सिंघार ने सीटों में बढ़ोतरी पर सवाल उठाए हैं. जानें मध्य प्रदेश समेत देश की राजनीति पर संभावित असर.

NewsTak
Google CTA

देश की राजनीति में इस वक्त डीलिमिटेशन बिल यानी परिसीमन बिल की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है. संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर सियासत तेज हो गई है. सरकार इस हफ्ते संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है. वहीं, कांग्रेस ने इस विधेयक का पूरी ताकत से विरोध करने का फैसला किया है.

Read more!

सत्र से पहले बीजेपी की रणनीति

संसद का विशेष सत्र शुरू होने से एक दिन पहले बीजेपी ने रविवार को अपने सभी लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई है. इस बैठक में सांसदों को संशोधित महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी जाएगी. साथ ही, लोकसभा में पार्टी की रणनीति और मतदान प्रक्रिया पर भी चर्चा होगी.

बीजेपी का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि सोमवार और मंगलवार को होने वाली कार्यवाही के दौरान उसके सभी सांसद सदन में मौजूद रहें. करीब सात महीने पहले भी सरकार ने लोकसभा में यह विधेयक पेश किया था, लेकिन दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका था. अब सरकार एक बार फिर इसे सदन से पास कराने की तैयारी में है, हालांकि इस बार भी परिसीमन के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के आसार हैं.

विपक्ष का हमला, सत्ता पक्ष का पलटवार

राहुल गांधी ने शनिवार को नई दिल्ली के इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है और इसे मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर भी लागू किया जा सकता है. उनके मुताबिक, सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की जरूरत क्या है और महिला आरक्षण को आगे रखकर परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश की जा रही है.

मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि युवाओं को यह समझना होगा कि 850 का आंकड़ा बीजेपी को सत्ता में रखने और उनके अधिकार छीनने के लिए तैयार किया गया है.

दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस को महिला विरोधी करार दिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में भूकंप और कंपन महसूस किया जा रहा है और वह हर चीज को वोट के चश्मे से देखती है. उन्होंने सवाल किया कि आबादी की आधी हिस्सेदारी रखने वाली महिलाओं और बहनों को अधिकार दिलाना क्या अपराध है.

बदल सकते हैं चुनावी समीकरण, मध्य प्रदेश में असर

सबसे बड़ी चर्चा इसी बात को लेकर है कि क्या सरकार परिसीमन और नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों को एक बार फिर सदन के पटल पर लाने जा रही है. यदि ऐसा होता है, तो 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले देश की राजनीति का पूरा समीकरण बदल सकता है. लोकसभा की अधिकतम सीमा 850 तक ले जाने और सीटों को मौजूदा 543 से बढ़ाकर करीब 815-816 तक करने की चर्चाओं के बीच 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को तेजी से लागू करने की कवायद भी केंद्र में है.

इस संभावित बदलाव का असर राज्यों के क्षेत्रीय संतुलन और चुनावी रणनीति पर भी पड़ सकता है. मध्य प्रदेश में फिलहाल 29 लोकसभा सीटें हैं और संभावित आकलनों के मुताबिक बड़े विस्तार की स्थिति में यह संख्या बढ़कर 44 तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है यानी करीब 15 नई लोकसभा सीटों का इजाफा हो सकता है. इसके साथ ही विधानसभा सीटों की संख्या भी 230 से बढ़कर 345 होने की चर्चाएं हैं.