'मोनालिसा हिंदू नहीं, उसे साजिश के तहत'...मुस्लिम युवक के शादी करने पर भड़के कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, देखें क्या कहा

प्रयागराज महाकुंभ में अपनी नीली आंखों से रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बनी इंदौर की मोनालिसा अब अपनी शादी को लेकर विवादों में घिर गई है. एक मुस्लिम युवक से निकाह के बाद प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे महाकुंभ को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश और लव जिहाद का मामला बताया है.

Devkinandan Thakur reaction on Monalisa
Devkinandan Thakur reaction on Monalisa

धर्मेंद्र कुमार शर्मा

follow google news

Devkinandan Thakur reaction on Monalisa: यूपी के प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की मालाएं बेचते हुए अपनी नीली आंखों से लाखों लोगों का दिल जीतने वाली इंदौर की वायरल गर्ल मोनालिसा ने एक मुस्लिम युवक के साथ शादी कर ली है. मोनालिसा के इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर तरह तरह से रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. इसी बीच, प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुरने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है. मध्य प्रदेश के इंदौर पहुंचे देवकीनंदन ठाकुर ने इस पूरे घटनाक्रम को सनातन धर्म के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए 'लव जिहाद' पर बेहद सख्त कानून बनाने की मांग की है.

Read more!

देवकीनंदन ठाकुर ने उठाए गंभीर सवाल: 'क्या गारंटी है कि वो हिंदू थी?'

इंदौर में मीडिया से बातचीत करते हुए देवकीनंदन ठाकुर ने मोनालिसा की असल पहचान और महाकुंभ में उसकी मौजूदगी पर ही सवालिया निशान खड़े कर दिए. उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि मोनालिसा को महाकुंभ में 'हिंदू' बनाकर भेजा गया था ताकि वह सोशल मीडिया के जरिए लोगों का ध्यान भटका सके. ठाकुर ने कहा, "यह कौन कहेगा कि वो हिंदू थी? क्या गारंटी है कि वो हिंदू ही थी? क्या पता जानबूझकर एक षड्यंत्र के तहत उसे माला बेचने भेजा गया हो. उसे हिंदू बनाकर भेजा गया हो, फिर उसे वायरल किया गया हो और उसके बाद ये योजनाएं बनाई गई हों."

'महाकुंभ ज्ञान का केंद्र है, किसी की आंखों का नहीं'

कथावाचक ने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि कुंभ जैसे पवित्र, आध्यात्मिक और सनातन संस्कृति के सबसे बड़े आयोजन का केंद्र किसी लड़की की सुंदरता कैसे बन गई. उन्होंने कहा, "कुंभ उस लड़की के लिए नहीं हो रहा था. किसी ने एक प्लानिंग के तहत सारे कुंभ का केंद्र बिंदु उस लड़की की आंखों पर सेट कर दिया. कुंभ अगर हो रहा है तो वह ज्ञान के लिए हो रहा है, वहां सनातन बोर्ड पर चर्चा होनी चाहिए थी. कुंभ किसी की सुंदर आंखों के लिए थोड़ी हो रहा था कि हमने पूरा फोकस वहीं कर दिया कि इसकी आंखें बहुत सुंदर हैं. अरे राम भजो यार! तुम जैसी जगह पर हो, वहां ये सब क्या है?

शादी के बाद माता-पिता की सुरक्षा पर उठाए सवाल

देवकीनंदन ठाकुर ने आगे कहा कि वही लड़की अब फेमस होने और शादी करने के बाद अपने माता-पिता के लिए खतरे की बात कह रही है. उन्होंने सनातनी समाज को सावधान करते हुए कहा कि ऐसे मामलों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और यह एक बड़े सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा हो सकता है. "हम क्या कहेंगे, बस यही कि बी केयरफुल, सनातनियों को अब पूरी तरह सावधान हो जाना चाहिए."

'शादी करते ही हिंदू बनने का बने सख्त कानून'

इस पूरे मामले को 'लव जिहाद' से जोड़ते हुए देवकीनंदन ठाकुर ने सरकारों से एक बेहद सख्त और कड़ा कानून लाने की पुरजोर मांग की. उन्होंने अपने बयान में स्पष्ट तौर पर कहा, "मैं सरकारों से कहना चाहता हूं कि ऐसा कानून लाएं कि जो भी गैर-हिंदू व्यक्ति किसी हिंदू लड़के या लड़की से प्रेम करता है और शादी करता है, तो शादी करते ही वह प्राकृतिक रूप से हिंदू हो जाए. उसे हिंदू धर्म अपनाना अनिवार्य किया जाए और वह फिर कभी जीवन में धर्म परिवर्तन न कर सके. अगर सरकार ऐसा कानून बना देती है, तो लव जिहाद अपने आप जड़ से खत्म हो जाएगा."

कौन है महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा?

आपको बता दें कि मोनालिसा भोसले मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं. वह प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान घाट पर रुद्राक्ष की मालाएं बेचते हुए स्पॉट की गई थीं. एक यूट्यूबर और फोटोग्राफर ने उनका वीडियो बनाया था, जिसके बाद उनकी नीली-भूरी आंखों और सादगी ने रातों-रात उन्हें सोशल मीडिया स्टार बना दिया. उनकी तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हुई थीं. लेकिन हाल ही में उनके एक मुस्लिम युवक के साथ निकाह करने की खबरें और वीडियो सामने आने के बाद से ही विवाद खड़ा हो गया है. इस विवाह के बाद अब धर्म, साजिश और लव जिहाद को लेकर बहस बेहद तेज हो गई है, जिसमें देवकीनंदन ठाकुर के इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया है. लोग अब इस पूरे मामले की सच्चाई जानने की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: मोनालिसा ने कैमरे के सामने आकर खोल दिए शादी से जुड़े सारे राज! बता दी फरमान से शादी की असली वजह? जानें पूरी कहानी

    follow google news