मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. इस मामले में पुलिस की तफ्तीश में जो बातें सामने आ रही हैं, वे रिश्तों के कत्ल की एक बेहद खौफनाक दास्तां बयां करती हैं. आरोपी पत्नी प्रियंका ने न केवल अपने पति की हत्या करवाई, बल्कि वह देवकृष्ण को उसके सांवले रंग और साधारण पहनावे को लेकर भी लगातार प्रताड़ित करती थी.
ADVERTISEMENT
2015 में हुई थी शादी, 2020 में आया गौना
देवकृष्ण और प्रियंका की शादी साल 2015 में हुई थी. उस वक्त प्रियंका महज 15 साल की थी. समाज की परंपरा के अनुसार, शादी के 5 साल बाद 2020 में प्रियंका का गौना हुआ और वह अपने ससुराल आई. देवकृष्ण की मां और बहन को उम्मीद थी कि घर में खुशियां आएंगी, लेकिन प्रियंका के आते ही घर में क्लेश शुरू हो गया.
रंग और लुक्स को लेकर प्रताड़ना
देवकृष्ण बचपन से ही काफी संघर्षशील थे. 1999 में पिता की मौत के बाद उन्होंने मिर्च-मसाले बेचकर परिवार को संभाला. प्रियंका को देवकृष्ण का रंग पसंद नहीं था. वह अक्सर उसे ताने मारती थी कि "तुम अच्छे नहीं दिखते, मेरी पसंद के कपड़े नहीं पहनते." वह घर का कोई काम नहीं करती थी और सारा समय मोबाइल फोन पर बिताती थी. प्रियंका अक्सर दहेज का झूठा केस करने और तलाक देने की धमकी भी देती थी.
प्रेमी 'जीजा' के साथ मिलकर रची साजिश
शादी के बाद 2017 में प्रियंका की मुलाकात राजगढ़ के रहने वाले कमलेश से हुई, जो रिश्ते में उसका जीजा लगता है. तीन बच्चों का पिता कमलेश एक ढाबा चलाता है. प्रियंका और कमलेश के बीच अवैध संबंध शुरू हो गए. जब देवकृष्ण उनके रिश्ते के बीच आने लगा, तो प्रियंका ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया. प्रियंका और कमलेश ने मिलकर 1 लाख रुपये में एक सुपारी किलर को देवकृष्ण की हत्या का जिम्मा सौंपा.
लूट की झूठी कहानी का हुआ पर्दाफाश
हत्या के बाद प्रियंका ने इसे लूट की वारदात दिखाने की कोशिश की. उसने दावा किया कि लुटेरे गहने और नकदी ले गए हैं. हालांकि, पुलिस को वे गहने घर में ही छिपे हुए मिल गए. प्रियंका के बार-बार बदलते बयानों ने पुलिस का शक गहरा कर दिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
दो परिवार हुए तबाह
इस सनसनीखेज वारदात ने दो परिवारों को उजाड़ दिया है. देवकृष्ण की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस ने प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सुपारी किलर अब भी फरार है. रिश्तों के कत्ल की यह कहानी पूरे मध्य प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ADVERTISEMENT


