मध्य प्रदेश के धार जिले में आधी रात लूट और मिर्ची व्यापारी की हत्या ने सनसनी मचा दी. पूरा इलाका दहल गया. घर वालों का तो रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गोंदीखेड़ा चारण गांव में मिर्च कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित (28) खून से लथपथ उनके बिस्तर पर पड़े थे. सिर पर गहरा घाव था. पत्नी प्रियंका पुरोहित दूसरे कमरे में बंधक थी. हाथ-पांव बांध दिए गए थे. घर से 3 लाख के जेवर और 50 हजार रुपए कैश गायब थे. पूरे इलाके में इस डकैती की चर्चा ने लोगों के होश उड़ा दिए थे. पुलिस के लिए भी ये केस चुनौती बन गया था. हालांकि जब घटना का खुलासा हुआ तो सबके होश फाख्ता हो गए. गहने और कैश घर में ही मिल गए. मृतक की पत्नी प्रियंका और कमलेश पुरोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या करने का आरोपी सुरेंद्र अभी फरार है. पुलिस उसकी खोजबीन में लगी है.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो प्रथम दृष्टया ये मामला लूट और हत्या का लगा, लेकिन जांच गहराई से आगे बढ़ी तो पुलिस की आशंका तेज होने लगी. पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर में 12 इंच गहरा घाव है. ये हत्या के इरादे से किया गया है. लूटपाट करने वाले इतने विभत्स तरीके से क्यों मारेंगे? पहचान छुपाने के लिए हत्या करना था तो फिर पत्नी को क्यों छोड़ा? इसके अलावा मृतक के मोबाइल का गायब होना भी पुलिस के संदेह को बढ़ा गया.
पत्नी का बयान एक सा नहीं...यही पुलिस को खटका
मृतक की पत्नी प्रियंका ने उस रात की जो कहानी बताई उसे बार-बार पूछने पर कुछ बदलाव के साथ बता रही थी. पुलिस को यहीं उसकी कहानी खटकने लगी. पुलिस ने प्रियंका से पूछताछ की और कई बातें नोटिस की.
कड़ाई से पूछताछ और टूट गई प्रियंका
जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो पति की मौत पर फूट-फूटकर रोने वाली प्रियंका ने पूरी कहानी किसी रट्टू तोते की तरह बता दी. इसके साथ ही पूरे मामले का खुलासा हो गया. प्रियंका की निशनदेही पर 3 लाख के जेवर और कैश घर से ही बरामद हो गए. पुलिस ने प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया. मुख्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश धार पुलिस कर रही है.
सोनम रघुवंशी के केस जैसा प्रियंका पुराहित मामला?
इस केस की तुलना इंदौर के सोनम रघुवंशी और राजा रघुवंशी केस के साथ की जा रही है. आरोप है कि सोनम ने भी पति की हत्या के लिए सुपारी दी थी. इधर प्रियंका ने भी अपने बयान में पुलिस को बताया है कि उसने पति देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के लिए 1 लाख रुपए की सुपारी सुरेंद्र को दी थी. आरोप है कि सोनम पति राजा रघुवंशी को रास्ते से हटाकर प्रेमी राज कुशवाहा के साथ रहना चाहती थी. इस मामले में भी प्रियंका ने बताया कि उसकी पति देवकृष्ण से बनती नहीं थी. इसलिए उसे रास्ते से हमेशा के लिए हटाकर राजगढ़ निवासी प्रेमी कमलेश पुरोहित के साथ रहना चाहती थी.
पूरी घटना सिलसिलेवार जानिए
प्रियंका का अपने ही समाज के कमलेश के साथ प्रेम-प्रसंग था. उसकी शादी मिर्च कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित के साथ 4 साल पहले हो गई. प्रियंका घटना के 5-6 दिन पहले ही मायके से कमलेश से मिलकर लौटी थी. वहीं पति देवकृष्ण की हत्या की योजना पर काम हुआ था. कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र को हत्या के लिए तैयार किया. प्रियंका ने 1 लाख रुपए की सुपारी दी. योजना के तहत प्रियंका ससुराल लौट आई.
6-7 अप्रैल की दरम्यानी रात हुई घटना...6 घंटे में हुआ खुलासा
सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात इस घटना को अंजाम दिया गया. प्रियंका ने दरवाजे खोल रखे थे. जैसे ही हत्यारे ने एंट्री ली...प्रियंका ने बताया कि पति कहां सोया है. हत्यारे ने प्रियंका को पहले ही चेता दिया था कि वो उसे दूसरे कमरे में हाथ-पांव बांधकर बैठा देगा. हत्या के बाद जब वो वहां से निकल जाएगा तब 10 मिनट का वेट करके शोर मचाना है. क्या कहना है ये भी तय था.
उस रात प्रियंका ने शोर मचाया. घर वाले जागे और दौड़कर आए. देखा कि बेड पर देवकृष्ण लहूलुहान हालत में पड़े हैं. बहू प्रियंका की आवाज दूसरे कमरे से आ रही थी. परिजनों ने देखा कि उसके हाथ-पांव बंधे हैं. उन्होंने दौड़कर उसके हाथ-पांव खोले. फिर देवकृष्ण को अस्पताल लेकर गए. यहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौत हो गई है. ज्यादा खून बहने से जान चली गई है. देवकृष्ण के सिर में 12 इंच का गहरा घाव था. ऐसा लग रहा था मानों किसी से रंजिशवश हत्या कर दी हो.
प्रियंका ने बताई उस रात की कहानी
इधर प्रियंका ने बताया कि देर रात अचानक 3-4 लोग घर में घुसे. उन्होंने मुझसे मारपीट की और घसीटते हुए दूसरे कमरे में ले गए. बोले कि शोर मचओगी तो पति को जान से मार देंगे. फिर आलमारी खुलवाई और गहने-कैश निकलवाए. फिर घसीटते हुए दूसरे कमरे में ले गए और हाथ-पांव बांध दिए. उन्होंने पति के साथ क्या किया वो देख नहीं पाई. घर में सामान बिखरे थे. 3 लाख के जेवर और 50 हजार रुपए कैश लेकर वो भाग चुके थे.
ADVERTISEMENT


