धार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वैन और स्कॉर्पियो की टक्कर में 16 मजदूरों की मौत, PM और CM ने जताया दुख

MP Road Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 16 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. पिकअप वैन का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर स्कॉर्पियो से टकरा गया. जानिए धार सड़क हादसे की पूरी वजह, राहत-बचाव कार्य और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी हर बड़ी अपडेट.

Dhar Road Accident,
Dhar Road Accident,

न्यूज तक डेस्क

follow google news

मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई. इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर चिखलिया फाटा के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन और स्कॉर्पियो के बीच हुई जोरदार टक्कर ने हंसते-खेलते परिवारों को मातम में बदल दिया. इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों में छह महिलाएं और तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं. प्रशासन और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन हादसे की भयावहता इतनी थी कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

Read more!

तेज रफ्तार और टायर फटने से बिगड़ा संतुलन

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 8:30 बजे तिरला थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के पास हुआ. पिकअप वैन में करीब 50 मजदूर सवार थे, जो प्याज के खेतों में काम करके अपने घर लौट रहे थे. चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वैन का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. अनियंत्रित होकर पिकअप वैन तीन बार पलटी और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसी, जहां सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई.

घायलों की स्थिति गंभीर, अस्पताल में अफरा-तफरी

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मेडिकल अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल लाए गए मरीजों में से कई की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है. करीब 15 से अधिक घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 7 सीरियस मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. डॉक्टर ने बताया कि मृतकों में महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक है और कई शवों की शिनाख्त अभी की जानी बाकी है. अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा है और प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि घायलों को समय पर उपचार मिल सके.

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा

इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है. वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए देने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सभी घायलों का इलाज निशुल्क किया जाएगा और प्रशासन को जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.

स्थानीय प्रशासन और मंत्रियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. आईजी और एसपी भी मौके पर तैनात रहे ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और राहत कार्यों में कोई देरी न हो. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है. पूरे क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक की लहर है.

यहां देखें वीडियो

11 महीने बाद जेल से बाहर आई सोनम, यह खबर सुनकर दुखी भाई विपिन ने दिया बड़ा बयान, मां ने भी दिया साथ

    follow google news