श्री कृष्ण पर बयान के विवाद के बीच वृंदावन पहुंचे पं. धीरेंद्र शास्त्री, ट्रोलर्स को बोले, अब मैदान में भी आ जाओ

• 07:34 PM • 22 Nov 2026

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भगवान श्रीकृष्ण पर दिए बयान को लेकर हुए विवाद के बाद पहली बार वृंदावन पहुंचे. बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों पर पलटवार किया. शास्त्री ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग कुछ दिनों के लिए कृष्ण भक्त बन गए थे, अब उन्हें मैदान में आकर भी दिखाना चाहिए. उन्होंने मथुरा और औरंगजेब से जुड़े मुद्दे पर भी विरोधियों को पोस्ट लिखने की चुनौती दी.

कृष्ण पर बयान के विवाद के बीच वृंदावन पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री, ट्रोलर्स को दी खुली चुनौती; बोले- अब मैदान में भी आ जाओ
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
Google CTA

भगवान श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान को लेकर विवादों में घिरे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार को पहली बार वृंदावन पहुंचे. यहां श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर आलोचना करने वालों पर तीखा पलटवार किया. शास्त्री ने विरोधियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि जो लोग कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कृष्ण भक्त बने घूम रहे हैं, वे अब मैदान में भी आकर दिखाएं.

Read more!

बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार को छटीकरा मार्ग स्थित मुरलीधर मानसिंहका गेस्ट हाउस में आयोजित महावीर मानसिंहका के 100वें वर्ष में प्रवेशोत्सव समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए. दर्शन के बाद उन्होंने कहा, हम अपने प्यारे टेढ़े-मेढ़े ठाकुर की नगरी में आ गए हैं. हम सभी ब्रजवासियों के चरणों में नाक रगड़कर दंडवत प्रणाम करते हैं. उन्होंने कहा कि वे बांके बिहारी जी के दर्शन और प्रार्थना करने आए हैं, क्योंकि आज पूरी दुनिया में उन्हीं की चर्चा हो रही है। हर जगह ठाकुर जी ही व्याप्त हैं. शास्त्री ने यह भी कहा कि अब उन्हें समझ आ गया है कि भगवान श्रीकृष्ण ने यह लीला क्यों की.

सोशल मीडिया पर कृष्ण भक्त बनने वालों पर साधा निशाना

बांके बिहारी के दर्शन के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने वालों को निशाने पर लिया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा,  हम आज उन लोगों को देखने भी आए हैं, जो कुछ दिनों के लिए सोशल मीडिया पर कृष्ण भक्त बन गए थे. वे कब आएंगे ? शास्त्री ने आगे कहा कि वे ठाकुर जी के दर्शन और प्रार्थना के लिए आए हैं. साथ ही उन लोगों को भी देखना चाहते हैं, जो कुछ दिनों से कृष्ण भक्त बनकर घूम रहे हैं. 

'ठाकुर जी से कहेंगे, उन्हें एक खुजली और लगा दें'

अपने बयान में धीरेंद्र शास्त्री ने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा, हम इसी लिए आए हैं कि ठाकुर जी के दर्शन तो करेंगे ही, साथ ही ठाकुर जी से कहेंगे कि ठाकुर जी, जरा उन्हें एक खुजली और लगा दें। एक खुजली तो लग गई कि वे ठाकुर जी के भक्त बन गए. उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने बाबा बागेश्वर के पुतले फूंके और कालिया की पोस्ट डाली, उन्हें अब बांके बिहारी जी के पास भी आना चाहिए. 

'थोड़ा काम मैदान में भी कर लो'

धीरेंद्र शास्त्री ने अपने विरोधियों को सोशल मीडिया से बाहर निकलकर जमीनी स्तर पर भी सक्रिय होने की चुनौती दी. उन्होंने कहा, थोड़ा काम मैदान में भी कर लो, थोड़ा मथुरा चलो. औरंगजेब वाला जो कलंक लगा है, उसके लिए भी एक पोस्ट लिख दो भैया.गौरतलब है कि भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. वृंदावन पहुंचकर दिए गए उनके इस बयान को उसी विवाद और विरोधियों की आलोचना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है. 

यह खबर भी पढ़ें : राजा भैया के गढ़ में रामकथा और दिग्विजय सिंह की चुटकी, बोले- "धीरेंद्र शास्त्री से कथा कराने वाले नेता चुनाव नहीं जीतते"