हमने दुनिया को परिवार माना... ऑस्ट्रेलिया की संसद में बाबा बागेश्वर ने दे दी बड़ी सलाह

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने ऑस्ट्रेलिया की संसद में हनुमान चालीसा का पाठ कर विश्व शांति का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि विवाद का हल केवल संवाद से संभव है और विकास के लिए दुनिया को युद्ध के बजाय बुद्ध का रास्ता चुनना चाहिए.

धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री

आकांक्षा ठाकुर

follow google news

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों सात समंदर पार ऑस्ट्रेलिया में अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर हैं. अपनी बेबाकी और कथा वाचन की विशेष शैली के लिए मशहूर बाबा बागेश्वर ने इस बार ऑस्ट्रेलिया की संसद (पार्लियामेंट ऑफ ऑस्ट्रेलिया) में पहुंचकर इतिहास रच दिया. संसद भवन में उन्होंने न केवल हनुमान चालीसा का पाठ किया, बल्कि विश्व शांति और भारतीय सनातन संस्कृति पर प्रभावशाली संबोधन भी दिया.

Read more!

विवाद नहीं, संवाद है रास्ता

ऑस्ट्रेलियाई संसद में अपने संबोधन के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने वैश्विक शांति का मंत्र दिया. उन्होंने कहा, "विवाद कोई रास्ता नहीं है, संवाद ही रास्ता है. अगर विनाश करना है तो युद्ध को चुनें और विकास करना है तो बुद्ध को चुनें." उन्होंने आगे कहा कि पूरी दुनिया ने अन्य देशों को व्यापार की दृष्टि से देखा है, लेकिन भारत इकलौता ऐसा देश है जिसने 'वसुधैव कुटुंबकम' के सिद्धांत पर पूरी दुनिया को एक परिवार माना है.

सनातनी संस्कृति और नारी शक्ति का गौरव

बाबा बागेश्वर ने सनातन धर्म की महानता का जिक्र करते हुए कहा कि जहाँ दुनिया ने स्त्रियों को केवल भोग की वस्तु समझा, वहीं भारत में उन्हें 'पूज्या' माना गया है. उन्होंने वेदों के श्लोक 'यत्र नार्यस्तु पूज्यते रमते तत्र देवता' का उदाहरण देते हुए कहा कि जहाँ नारियों का सम्मान होता है, वहाँ देवताओं का वास होता है. अहिंसा पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन में अहिंसा परम धर्म है, लेकिन धर्म की रक्षा के लिए की गई हिंसा पाप नहीं कहलाती.

ऑस्ट्रेलिया दौरे का पूरा शेड्यूल

  • पंडित धीरेंद्र शास्त्री 8 अप्रैल से 15 अप्रैल तक ऑस्ट्रेलिया के प्रवास पर हैं. उनके दौरे की कुछ खास बातें:
  • संसद में स्वागत: उनके स्वागत में भारतीय मूल की युवतियों और कलाकारों ने विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं.
  • सिडनी ओपेरा हाउस: वे पहली बार सिडनी के विश्व प्रसिद्ध ओपेरा हाउस में 3 घंटे का विशेष प्रवचन देंगे.
  • कैनबरा, पर्थ और सिडनी: वे इन तीनों प्रमुख शहरों में कथा और दिव्य दरबार का आयोजन करेंगे.

इस दौरान बाबा बागेश्वर ने मध्य प्रदेश के छतरपुर में उनके द्वारा बनवाए जा रहे कैंसर अस्पताल का भी जिक्र किया और लोगों से सेवा कार्यों से जुड़ने की अपील की. सोशल मीडिया पर ऑस्ट्रेलिया की संसद से उनकी तस्वीरें और हनुमान चालीसा पाठ का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.

 

    follow google news