मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने एक कथावाचक पर बिना नाम लिए निशाना साधा है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई करने की जरूरत नहीं है, बस भगवान शिव को बेलपत्र चढ़ाओ और परीक्षा में पास हो जाओ. लेकिन जब कथावाचक के अपने बेटे ने यही किया तो वह फेल हो गया. दिग्विजय सिंह ने कहा कि आजकल कुछ कथावाचक धर्म की कथा सुनाने के बजाय मंचों से राजनीतिक भाषण दे रहे हैं और एक खास राजनीतिक दल का पक्ष ले रहे हैं.
ADVERTISEMENT
कथावाचक के बेटे के फेल होने का दिया उदाहरण
दिग्विजय सिंह ने एक सभा को संबोधित करते हुए कथावाचक के उस पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें बच्चों को पढ़ाई के बजाय भगवान शिव की आराधना से परीक्षा में सफलता मिलने की बात कही गई थी. इसी पर तंज कसते हुए उन्होंने कथावाचक के बेटे के फेल होने का उदाहरण दिया. दिग्विजय सिंह ने ऐसे कथावाचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान ही ऐसे लोगों से बचाए, जो धर्म का कम और राजनीति का ज्यादा ज्ञान बांटते हैं.
उज्जैन से अयोध्या तक निकाल रहे सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा
दिग्विजय सिंह इन दिनों उज्जैन से अयोध्या तक सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं. इसी यात्रा के तहत शनिवार को वह अशोकनगर पहुंचे थे. यहां तुलसी पार्क में आयोजित सभा के दौरान उन्होंने यह बयान दिया. अपने संबोधन में उन्होंने धार्मिक मंचों से राजनीतिक भाषण देने वाले कथावाचकों की भूमिका पर सवाल उठाए.दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में किसी कथावाचक का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर यूजर्स उनके इस तंज को कथावाचक प्रदीप मिश्रा से जोड़कर देख रहे हैं. इसकी वजह साल 2022 में वायरल हुआ प्रदीप मिश्रा का एक वीडियो है.
क्या था प्रदीप मिश्रा का पुराना बयान ?
साल 2022 में कथावाचक प्रदीप मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. इसमें वे शिव पुराण के उपाय बताते हुए कहते नजर आए थे कि किसी भी परीक्षा में जाने से पहले भगवान शिव के शिवलिंग पर शहद के साथ बेलपत्र चढ़ाने से परीक्षा में लाभ मिलता है। अब दिग्विजय सिंह के बेलपत्र वाले बयान को इसी पुराने वीडियो से जोड़कर देखा जा रहा है. दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद धार्मिक मंचों से दिए जाने वाले संदेशों और कथावाचकों की राजनीतिक टिप्पणियों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.
यह खबर भी पढ़े : वृंदावन में इंद्रदेव महाराज पर जिस महिला ने लगाए दुष्कर्म के आरोप, उसने सामने आकर आश्रम का काला सच बताया !
ADVERTISEMENT


