दिग्विजय सिंह ने शेयर की सोनिया गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की कांग्रेस के दिनों की पुरानी तस्वीर

आकांक्षा ठाकुर

15 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 15 2026 12:32 PM)

मध्य प्रदेश की राजनीति में फिर चर्चा में आया सियासी अतीत. पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की कांग्रेस के दिनों की पुरानी तस्वीर शेयर की है. जानें इससे जुड़ी पूरी खबर.

NewsTak
तस्वीर: दिग्विजय सिंह के X हैंडल से ली गई है.
Google CTA

मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर पुराना सियासी इतिहास चर्चा के केंद्र में आ गया है. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है. यह वह तस्वीर है जब माधवराव सिंधिया के निधन के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा था. खास बात यह है कि हाल ही में सोनिया गांधी की आई किताब में भी माधवराव सिंधिया के साथ उनके आत्मीय संबंधों का जिक्र किया गया है, ऐसे में दिग्विजय सिंह की इस पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में पुरानी यादों को ताजा कर दिया है.

Read more!

क्या लिखा है दिग्विजय सिंह ने?

दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर यह तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि यह ऐतिहासिक फोटो उन्हें सिंधिया के एक शुभचिंतक ने भेजी है. यह उस समय की तस्वीर है जब तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई थी.

तस्वीर के समय को याद करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा कि उस वक्त वे खुद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे और राधाकिशन मालवीय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे. इस फोटो में तीन पूर्व मुख्यमंत्री- श्यामाचरण शुक्ल, अर्जुन सिंह और मोतीलाल वोरा भी मौजूद थे. इसके अलावा, इंदिरा गांधी की कैबिनेट में मंत्री रहे नरसिंहगढ़ के महाराजा भानु प्रकाश सिंह भी इसमें शामिल थे. पुराने दिनों को याद करते हुए दिग्विजय ने पोस्ट के अंत में लिखा, "वो भी क्या दिन थे! बम बम भोले, जय सिया राम."

क्या है इस तस्वीर और सियासी इतिहास का कनेक्शन?

  • दिसंबर 2001 की घटना: माधवराव सिंधिया का 30 सितंबर 2001 को एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था. इसके बाद, 17 दिसंबर 2001 को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ली और फरवरी 2002 में गुना से सांसद निर्वाचित हुए.
  • कांग्रेस से नाता और बदलाव: ज्योतिरादित्य सिंधिया 10 मार्च 2020 तक लगातार कांग्रेस के साथ रहे. हालांकि, मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार बनने के बाद उनके और पार्टी के बीच तनाव बढ़ गया था. मार्च 2020 में वे अपने समर्थक विधायकों के साथ बीजेपी में शामिल हो गए, जिससे राज्य की कमलनाथ सरकार गिर गई थी.
  • दिग्विजय और सिंधिया के संबंध: दोनों नेताओं के बीच अनबन को सिंधिया के पार्टी छोड़ने की एक वजह माना जाता रहा है. हालांकि, एक इंटरव्यू में दिग्विजय सिंह ने इन बातों को खारिज करते हुए कहा था कि विवाद उनके और सिंधिया के बीच नहीं, बल्कि कमलनाथ और सिंधिया के बीच था और उन्होंने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की थी.

सोनिया गांधी की किताब में माधवराव सिंधिया का जिक्र

हाल ही में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया के साथ अपने आत्मीय रिश्तों को याद किया है.

सोनिया गांधी ने लिखा है कि राजीव गांधी और माधवराव सिंधिया के बीच गहरी दोस्ती थी और उनके संबंध केवल राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक स्तर तक आत्मीय थे. राजीव गांधी के निधन के बाद भी गांधी परिवार और सिंधिया के बीच यह अपनत्व बना रहा.

किताब में वर्ष 1999 के शुरुआती राजनीतिक दौर का जिक्र करते हुए सोनिया ने बताया है कि जब वे पहली बार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचीं और नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, तब संसदीय राजनीति उनके लिए नई थी. ऐसे में माधवराव सिंधिया ने एक मजबूत सहारे, सच्चे हितैषी और मार्गदर्शक की भूमिका निभाई तथा मुश्किल समय में चट्टान की तरह उनके साथ खड़े होकर उनका हौसला बढ़ाया.

यह भी पढ़ें: MP में अब इस नेता को CM बनाने के लगे नारे, पोस्टर्स से भी गायब मिले कांग्रेस के ये दो बड़े नाम?