कर्नल सोफिया पर विवादित बयान देने वाले मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR दर्ज, सीएम ऑफिस से आई ये कड़ी प्रतिक्रिया

ललित यादव

15 May 2025 (अपडेटेड: May 15 2025 3:47 PM)

Minister Vijay Shah FIR: मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए बयान पर अब उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है.

Vijay Shah viral video, Vijay Shah statement controversy, MP News, MP latest News, MP Viral Video, Vijay Shah Statement
मंत्री विजय शाह
Google CTA

 Minister Vijay Shah FIR: मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए बयान पर अब उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के बाद महू तहसील के मानपुर थाने में की गई है.

Read more!

हाईकोर्ट के निर्देश पर दर्ज हुई FIR

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया. कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिया कि मंत्री विजय शाह पर चार घंटे के भीतर FIR दर्ज की जाए. कोर्ट की डिवीजन बेंच, जिसकी अध्यक्षता जस्टिस अतुल श्रीधरन कर रहे थे, उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश का पालन हर हाल में होना चाहिए. राज्य के महाधिवक्ता को भी अदालत ने निर्देशित किया कि FIR टालने की कोई कोशिश न हो.

किन धाराओं में दर्ज हुई FIR?

विजय शाह पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है

धारा 152 – देश की संप्रभुता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य पर लागू होती है. इसके तहत आजीवन कारावास या अधिकतम 7 साल की सजा हो सकती है.

धारा 196(1)(b) – जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के आधार पर समुदायों में नफरत फैलाने की कोशिश पर लगाई जाती है. इसके तहत 3 साल तक की सजा या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं.

धारा 197(1)(c) – यह धारा उन मामलों में लगती है जहां किसी समुदाय की देशभक्ति पर सवाल उठाया गया हो या राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाया गया हो.

क्या कहा था विजय शाह ने?

एक सभा में भाषण देते हुए मंत्री विजय शाह ने नाम लिए बिना बयान दिया था – "हमने उनकी बहन भेजकर उनकी ऐसी-तैसी करवाई." यह बयान पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के संदर्भ में था. लेकिन लोगों ने इसे सेना की वरिष्ठ अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी से जोड़ लिया. बयान को आपत्तिजनक मानते हुए अदालत ने सख्त रवैया अपनाया.

माफी मांगते हुए दी सफाई

विवाद बढ़ने पर विजय शाह ने इंडिया टुडे से बातचीत में सफाई दी. उन्होंने कहा, "मैं कभी सपने में भी कर्नल सोफिया बहन के बारे में गलत नहीं सोच सकता. मेरा इरादा सेना का अपमान करने का नहीं था. अगर जोश में कुछ गलत बोल गया हूं तो माफी मांगता हूं."

मंत्री ने यह भी कहा कि उनका पारिवारिक संबंध भी सेना से रहा है और उन्होंने जिन बहनों के पति आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हुए, उनके दर्द को समझते हुए यह बात कही थी.

सुप्रीम कोर्ट जाएंगे विजय शाह

हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ विजय शाह ने सुप्रीम कोर्ट का रुख करने का निर्णय लिया है. उन्होंने गुरुवार को शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल करने की जानकारी दी है.

मुख्यमंत्री कार्यालय की प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा – "माननीय हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए मुख्यमंत्री जी ने मंत्री विजय शाह के बयान पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं."

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह बोले- जिन लोगों ने बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था, उन कटे-फिटे लोगों..., वीडियो हुआ वायरल