पहले कार से कुचलने की कोशिश, अब बीच सड़क पर मारी गोली, ग्वालियर में पति ने की पत्नी की हत्या

हेमंत शर्मा

• 02:57 PM • 14 Sep 2025

ग्वालियर में एक शख्स ने अपनी पत्नी को बीच सड़क पर गोलियों से भून डाला. पति का आरोप है कि पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल कर रही थी.

ग्वालियर में खुलेआम मर्डर
ग्वालियर में खुलेआम मर्डर
Google CTA

शनिवार यानी 13 सितंबर को ग्वालियर में कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के पास एक व्यक्ति ने बीच सड़क पर एक महिला पर ताबड़तोड़ गोली चला दी. हैरान करने वाली बात ये है कि गोली चलाने के बाद व्यक्ति मौक-ए-वारदात से भागा भी नहीं बल्कि वहीं काफी देर तक बैठा रहा.  

Read more!

अब इस मामले में पता चला है कि गोली चलाने वाले शख्स का नाम अरविंद परिहार है और उसने अपनी ही पत्नी नंदिनी परिहार पर गोली चलाई है. अरविंद ने यह खुलासा खुद फेसबुक लाइव करके किया.

आखिर हुआ क्या?

13 सितंबर को आरोपी अरविंद परिहार ने अपनी पत्नी नंदिनी परिहार को बीच सड़क पर रोका और उस पर देसी कट्टे से ताबड़तोड़ 5 गोलियां दाग दीं. इनमें से दो गोलियां नंदिनी के सिर में लगीं, जबकि बाकी उसके चेहरे और शरीर में. 

गोली लगने के बाद नंदिनी मौके पर ही तड़पती रही और अरविंद वहीं सड़क के किनारे बैठा रहा. जब पुलिस पहुंची तो उसने कट्टा पुलिस पर भी तान दिया और फिर खुद की कनपटी पर रखकर खुदकुशी की धमकी देने लगा. घंटों चले इस ड्रामे के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर और बातचीत में उलझाकर आरोपी को काबू में किया. घायल नंदिनी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया.

आरोपी का कबूलनामा और चौंकाने वाले आरोप

इस वारदात के बाद अरविंद ने फेसबुक लाइव किया और कहा, "यह मेरी पत्नी है. इसके साथ बॉयफ्रेंड अंकुश पाठक और एक और लड़का था, जो मौके से भाग गए. 6 महीने पहले यह भाग गई थी. ये दोनों मिलकर मुझे ब्लैकमेल कर रहे थे. मेरी तीन एंबुलेंस अपने नाम करवा ली और अब मकान मांग रही है. मेरी शिकायत की कहीं सुनवाई नहीं हो रही."

पत्नी का आपराधिक इतिहास और रिश्ते की उलझ

पुलिस की जांच में नंदिनी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसकी पहली शादी गोटी राम केवट से हुई थी, फिर वह निमलेश जैन के साथ रहने लगी. साल 2017 में निमलेश की हत्या के आरोप में नंदिनी को करीब साढ़े चार साल की जेल भी हुई थी. 

जेल से छूटने के बाद वह छोटू और फिरोज खान जैसे अलग-अलग लोगों के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. इसी बात से उसका पति अरविंद नाराज था.

पत्नी ने भी लगाया था आरोप

वहीं दूसरी तरफ इस हत्या के कुछ दिन पहले ही जन सुनवाई हुई थी, जहां नंदिनी ने अपने पति अरविंद पर भी कई गंभीर आरोप लगाए थे. उसने कहा था कि अरविंद का पूजा नाम की लड़की से अफेयर है और वह उसके AI वीडियो बनाकर उसे बदनाम कर रहा है और ब्लैकमेल कर रहा है. उसने यह भी बताया था कि 2024 में जब उसने इसकी शिकायत की थी, तो अरविंद ने उस पर गाड़ी चढ़ा दी थी.

यह मामला सिर्फ एक पति-पत्नी के झगड़े का नहीं, बल्कि रिश्तों की उलझनों, आपराधिक पृष्ठभूमि और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों का एक जटिल जाल है. नंदिनी ने तो दम तोड़ दिया, लेकिन यह खौफनाक वारदात पुलिस और समाज दोनों के लिए कई सवाल छोड़ गई है.

ये भी पढ़ें: MPPSC Topper 2024: इंटरनेट की मदद से की पढ़ाई, बिना कोचिंग के ऋषभ अवस्थी ने पहले अटेम्प्ट में ही मार ली बाजी!