पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने किया ऐलान, बताया कब ज्वाइन करेंगे कांग्रेस? बोले- अकेले कब तक लडूं

रवीशपाल सिंह

01 May 2023 (अपडेटेड: May 1 2023 4:00 PM)

MP Election 2023: मध्य प्रदेश की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है. एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी ने बताया कि वह जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं. MP Tak से बात करते हुए दीपक जोशी ने बताया कि वह 6 मई […]

Former minister Deepak Joshi announced Congress, mp bjp, MP election 2023
Former minister Deepak Joshi announced Congress, mp bjp, MP election 2023
Google CTA

MP Election 2023: मध्य प्रदेश की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है. एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी ने बताया कि वह जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं. MP Tak से बात करते हुए दीपक जोशी ने बताया कि वह 6 मई को भोपाल आएंगे और संभवत उसी दिन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सामने कांग्रेस ज्वाइन कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो छत्तीसगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय के कांग्रेस में शामिल होने के बाद मध्यप्रदेश में भी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है.

Read more!

बता दें कि दीपक जोशी शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं. हालांकि 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था. दीपक जोशी ने बताया कि उनकी कांग्रेस आलाकमान से बात भी हो चुकी है और कुछ दिनों पहले ही उन्होंने कांग्रेस नेता मुकेश नायक से भी मुलाकात की थी. दीपक जोशी के मुताबिक कोरोना की वजह से उनकी पत्नी का देहांत हो गया था जिनकी बरसी 5 मई को है.

बीजेपी से तीन बार विधायक और मंत्री रह चुके हैं दीपक
दीपक जोशी तीन बार के विधायक रह चुके हैं. दीपक जोशी पहली बार साल 2003 में विधायक बने थे. इसके बाद 2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की थी. इस दौरान को शिवराज सरकार में मंत्री भी बने. लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार मनोज चौधरी के हाथों हार का सामना करना पड़ा. लेकिन मार्च 2020 में जब सिंधिया समर्थक विधायकों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा तो उसी दौरान दीपक जोशी को चुनाव हराने वाले मनोज चौधरी भी कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए.

बाद में विधानसभा उपचुनाव में भी मनोज चौधरी को ही जीत हासिल हुई और वह भाजपा विधायक बन गए. ऐसे में इस सीट पर अपने भविष्य को लेकर दीपक जोशी 2020 के बाद से ही खुद को असहज महसूस कर रहे थे. और बीच-बीच में सोशल मीडिया के जरिए उनका दर्द भी सामने आया था.

दो महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए छलका था दर्द
दो महीने पहले फरवरी में पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने सोशल मीडिया पर खुलेआम दर्द बयां किया था. उन्होंने लिखा था- छल कपट और पाप का फल धरती पर भुगतना पड़ता है. याद रखना समय किसी को माफ नहीं करता है. इससे पहले भी दीपक जोशी कई बार सार्वजनिक तौर पर पीड़ा जाहिर कर चुके हैं.

पिता कैलाश जाेशी रहे एमपी के सीएम
दीपक जोशी के पिता कैलाश जोशी 1977-78 में मध्यप्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बने थे. कैलाश जोशी 8 बार विधायक और 2 बार लोकसभा सदस्य और एक बार राज्यसभा सदस्य चुने गए थे. देवास जिले की राजनीति में जोशी परिवार की भूमिका अहम मानी जाती है.

ये भी पढ़ें: BJP के पूर्व मंत्री दीपक जोशी का दर्द छलका, सोशल मीडिया पर डाली तंज भरी ‘पोस्ट’