सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर गुपचुप अश्लील VIDEO रिकॉर्डिंग, ग्वालियर में 50 से ज्यादा महिलाओं को बनाया निशाना !

गौरव जगताप

05 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 5 2026 6:26 PM)

ग्वालियर में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाला आरोपी योगेश गुप्ता गिरफ्तार. पुलिस को मोबाइल से मिले 50 से अधिक वीडियो, ब्लैकमेलिंग की जांच जारी.

NewsTak
ग्वालियर में महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आया है.
Google CTA

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में सिटी सेंटर इलाके के रहने वाले 40 साल के योगेश गुप्ता को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन से 50 से ज्यादा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं.

Read more!

इनमें मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों की महिलाएं शामिल होने की बात सामने आई है.  शुरुआती जांच में कुछ पीड़ित महिलाओं के पेशेवर बैकग्राउंड को लेकर भी जानकारी सामने आई है. इनमें एक लेडी डॉक्टर और महिला पुलिस अधिकारी के भी शामिल होने की बात कही जा रही है. पुलिस अब आरोपी के मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इन वीडियो को किस उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया और कहीं इनका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए तो नहीं किया गया.

सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर वीडियो कॉल के जरिए रिकॉर्डिंग

ग्वालियर पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, योगेश गुप्ता सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था. उसका कथित तौर पर 40 से 50 साल की उम्र की विधवा, तलाकशुदा और अविवाहित महिलाओं पर ज्यादा फोकस रहता था. बताया जा रहा है कि आरोपी पहले महिलाओं से सोशल मीडिया पर दोस्ती करता और बातचीत बढ़ाने के बाद वीडियो कॉल तक पहुंचता था.  वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन रिकॉर्डर की मदद से आपत्तिजनक पलों को रिकॉर्ड किए जाने का आरोप है. पुलिस को जांच के दौरान कथित तौर पर स्पाई कैमरे के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी भी मिली है. 

महिला को हुआ शक, फिर आरोपी को पकड़ने की बनाई गई योजना

इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक महिला कार्यकर्ता को योगेश की गतिविधियों पर संदेह हुआ. महिला ने इसकी जानकारी सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवती शुक्ला और संगठन के सदस्य मुकेश शर्मा को दी. इसके बाद संगठन से जुड़े लोगों ने आरोपी को बातचीत के बहाने मिलने के लिए बुलाया.  मौके पर पहुंचने के बाद उसे पकड़ लिया गया और उसके मोबाइल फोन की जांच की गई.  फोन में कई महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने के बाद आरोपी को विश्वविद्यालय थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.

मोबाइल और लैपटॉप की जांच कर रही पुलिस

ग्वालियर पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन और लैपटॉप समेत अन्य डिजिटल डेटा की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने कितनी महिलाओं से संपर्क किया था और उसके पास मिले वीडियो किस तरह रिकॉर्ड किए गए.

जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि क्या इन वीडियो के जरिए महिलाओं को धमकाया गया या उनसे पैसे की मांग की गई. पुलिस कथित ब्लैकमेलिंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, झांसी की एक महिला ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराने की सहमति दी है. महिला के ग्वालियर पहुंचने के बाद मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की जा सकती है.

 50 से ज्यादा वीडियो से कई सवाल

पुलिस को आरोपी के मोबाइल से 50 से ज्यादा महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो मिलने के बाद पुलिस के सामने कई सवाल हैं. इन वीडियो को कब और कैसे रिकॉर्ड किया गया ? क्या सभी महिलाओं की पहचान आरोपी से सोशल मीडिया के जरिए हुई ? क्या वीडियो किसी दूसरे व्यक्ति या ग्रुप के साथ साझा किए गए  ? और सबसे अहम, क्या इनका इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए किया गया ? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की डिजिटल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे. फिलहाल पुलिस आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है. 

बीजेपी नेत्री के पति का पुलिस ने निकाला जुलूस तो भड़कीं अमिता बागरी, बोलीं, 15 साल पार्टी के लिए काम का इनाम मिला