नवग्रह मंदिर कलश यात्रा में महिला की मौत पर नरोत्तम मिश्रा का बड़ा ऐलान, पीड़ित परिवार को मिलेगी आर्थिक मदद

न्यूज तक

• 01:57 PM • 11 Feb 2026

Gwalior temple incident: ग्वालियर के डबरा में नवग्रह मंदिर की कलश यात्रा के दौरान भीड़ में दम घुटने से एक महिला की मौत हो गई. इस घटना पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दुख जताते हुए मृतक परिवार को 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को मुआवजा देने का ऐलान किया. प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे.

Gwalior temple incident
कलश यात्रा के दौरान महिला की मौत और घायल को लेकर नरोत्तम मिश्रा ने किया बड़ा ऐलान
Google CTA

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में इन दिनों नवग्रह मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन चल रहा है. मंगलवार को निकली विशाल कलश यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण एक महिला की मौत हो गई. इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने गहरा दुख जताया है और आर्थिक मदद की घोषणा की है. आइए जानते है पूरा मामला.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

डबरा में नवग्रह मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में एक ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली जा रही थी. इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि यह घटना भगदड़ की वजह से नहीं, बल्कि अत्यधिक भीड़ के कारण हुए दम घुटने से हुई है. जानकारी के मुताबिक, मृत महिला अपनी 5-7 साल की छोटी बच्ची के साथ यात्रा में शामिल हुई थी. भीड़ के दबाव में महिला बच्ची के ऊपर ही गिर गई, जिससे महिला की जान चली गई और बच्ची को भी चोटें आई हैं.

पीड़ितों के लिए बड़ी मदद का ऐलान

घटना को दुखद बताते हुए नरोत्तम मिश्रा ने राहत राशि की घोषणा की. उन्होंने कहा है कि मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये और मंदिर ट्रस्ट की ओर से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा घटना में घायल हुए अन्य लोगों को 1-1 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी.

राजनीति से ऊपर उठकर जनभागीदारी

नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस आयोजन को राजनीति के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि यात्रा में सभी दलों के लोग और पूरी जनता शामिल है. उन्होंने डबरा की जनता की तारीफ करते हुए कहा कि लोगों ने अपने घरों के दरवाजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए हैं और हर घर 'अतिथि घर' बन गया है.

विश्व का अनोखा मंदिर

डबरा में बन रहा यह नवग्रह मंदिर अपनी विशेषताओं के कारण चर्चा में है. बताया जा रहा है कि यह विश्व का पहला ऐसा मंदिर है जहां सभी नवग्रह अपनी पत्नियों के साथ विराजमान हैं. मंदिर की मूर्तियों को इस तरह से स्थापित किया गया है कि एक मूर्ति की छाया दूसरे पर नहीं पड़ती. नरोत्तम मिश्रा ने उम्मीद जताई कि यह मंदिर लोगों की समस्याओं के समाधान का एक बड़ा केंद्र बनेगा.

यहां देखें वीडियो

यह खबर भी पढ़ें: नरोत्तम मिश्रा के मंदिर कार्यक्रम में मची भगदड़, कलश यात्रा के दौरान 60 वर्षीय महिला की मौत, कई घायल