बंदूकबाज पत्नी कर चुकी है 10 शादी....अब दे रही धमकी' ग्वालियर के युवक का दावा, फिर पता चली पूरी कहानी

ग्वालियर के राहुल जाटव ने अपनी पत्नी पर 10 शादियां करने और शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप लगाया है. पति ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. जानिए क्या है पूरा मामला.

NewsTak
बंदूकबाज पत्नी की धमकी के बाद थाने पहुंचा पति.

हेमंत शर्मा

follow google news

मध्यप्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पीड़ित पति ने अपनी ही पत्नी के खिलाफ एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित पति राहुल जाटव का गंभीर आरोप है कि उसकी पत्नी पहले से ही 10 शादियां कर चुकी है और अब वह उसे भी अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही है. 

Read more!

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी लव स्टोरी, 12 दिन में खुली पोल

पीड़ित राहुल जाटव ने बताया कि उसकी मुलाकात शिवपुरी की रहने वाली राखी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) पर हुई थी. बातें आगे बढ़ीं और 14 अप्रैल 2026 को दोनों ने शादी कर ली. राहुल के मुताबिक, शादी के बाद राखी उसके घर पर केवल 12 दिन ही रुकी.  शादी के करीब डेढ़ महीने बाद वह घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई. 

5 लाख रुपये की मांग, झूठे केस में फंसाने की धमकी 

राहुल जाटव का आरोप है कि उसकी पत्नी और उसके मायके वाले शादी के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक बड़े गिरोह से जुड़े हुए हैं. घर से भागने के बाद अब राखी उस पर 5 लाख रुपए देने का दबाव बना रही है. राहुल का कहना है कि राखी स्टैम्प पेपर पर साइन करने और रुपये देने के बदले उसे छोड़ने की बात कह रही है, और रकम न देने पर मानहानि व झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है. पीड़ित को अनजान नंबरों से भी लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. 

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ बनाती है रील 

शिकायतकर्ता ने पुलिस को कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सौंपे हैं. राहुल का आरोप है कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील और स्टेटस शेयर करती है, ताकि लोगों पर दबाव बनाया जा सके. राहुल ने अपनी पत्नी , सास, साली और शिवपुरी साइबर सेल में पदस्थ एक आरक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. 

जांच में जुटी पुलिस 

इस मामले को लेकर एसएसपी कार्यालय के निर्देश पर थाना बिजौली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहुल नाम के युवक ने अपनी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी और पैसे ऐंठने की शिकायत दर्ज कराई है. सौंपे गए वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. 

झोली फैलाई, फूट-फूटकर रोईं... फिर कलेक्टर के पैरों में गिर पड़ीं मां-बेटी, जबलपुर का VIDEO कर देगा भावुक, जानें पूरा मामला

 

    follow google news