ग्वालियर की सड़कों पर हाल ही में एक ऐसी कार दौड़ती दिखी, जिसे देखकर राहगीर अपनी जगह ठिठक गए. गाड़ी की चर्चा उसके मॉडल या रफ्तार की वजह से नहीं, बल्कि उसकी पूरी बॉडी पर लगे लाल लिपस्टिक के सैकड़ों-हजारों निशानों की वजह से हो रही थी. दावा किया जा रहा है कि गाड़ी पर करीब 3,400 किस (Kiss) के निशान बनाए गए थे. हालांकि, प्यार जताने का यह अनोखा अंदाज कार मालिक की जेब पर भारी पड़ गया.
ADVERTISEMENT
फॉरेन ट्रेंड के चक्कर में 4 घंटे की मेहनत
मामला ग्वालियर के थाटीपुर इलाके का है. कार मालिक आदित्य सिकरवार की गर्लफ्रेंड ने एक विदेशी सोशल मीडिया ट्रेंड से इंस्पायर होकर कार को इस तरह कस्टमाइज़ करने का प्लान बनाया था. गाड़ी को लिपस्टिक से ढकने में करीब साढ़े तीन से चार घंटे का समय लगा. मकसद साफ था—कार को सबसे अलग और यादगार बनाना. लेकिन जब यह 'किस-लोडेड' कार सड़क पर उतरी, तो लोगों ने इसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिए, जो देखते ही देखते वायरल हो गए.
नंबर प्लेट से ढूंढ निकाली गाड़ी
इंटरनेट पर वीडियो की धूम मचते ही ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस भी हरकत में आ गई. तस्वीरों में दिख रहे गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और थाटीपुर से कार को जब्त कर लिया. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के अजीबोगरीब निशानों के साथ वाहन चलाना यातायात नियमों के खिलाफ है.
हाथों से मिटाने पड़े निशान, भरा जुर्माना
ट्रैफिक डीएसपी/टीआई अभिषेक रघुवंशी के अनुसार, पुलिस ने कार मालिक को मौके पर बुलाकर सख्त पूछताछ की. जब मालिक को अपनी गलती का अहसास हुआ, तो उसने खुद पानी और कपड़े से कार पर लगे सारे लिपस्टिक के निशान साफ किए. नियमों का उल्लंघन करने के एवज में ट्रैफिक पुलिस ने कार मालिक पर ₹5,500 का चालान ठोका. गर्लफ्रेंड का यह सरप्राइज आखिरकार भारी जुर्माने के साथ खत्म हुआ.
ये भी पढ़ें: गुना: होटल में पुलिस ने मारा छापा! लड़कियों संग आपत्तिजनक हालात में मिले नेता जी, मचा हड़कंप
ADVERTISEMENT


