धार्मिक उत्साह का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब ग्वालियर के नवग्रह पीठ में कलश यात्रा के दौरान अचानक चीख-पुकार मच गई. पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे थे, लेकिन कलश वितरण की प्रक्रिया के दौरान हुई एक चूक ने भगदड़ का रूप ले लिया. प्रशासन के दावों और चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच हुई इस अनहोनी ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली और कई परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया. यह हादसा एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
ADVERTISEMENT
कलश यात्रा के दौरान हुआ हादसा
ग्वालियर के नवग्रह पीठ में 10 फरवरी से 20 फरवरी तक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब कलश वितरण का काम चल रहा था, तभी अचानक एक गेट से बड़ी संख्या में महिलाओं को प्रवेश दे दिया गया. भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई.
मृतक और घायलों की स्थिति
प्रशासन ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कलावती बाथम (60 वर्ष) नामक महिला की मृत्यु हो गई है. इसके अलावा दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जयारोग्य अस्पताल (JAH) में भर्ती कराया गया है. चार अन्य महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज डबरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चल रहा है.
प्रशासन के दावों की खुली पोल
हालांकि प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम होने का दावा किया था, लेकिन भगदड़ की तस्वीरों ने इन दावों की पोल खोल दी है. मौके पर मौजूद लोग प्रशासन और आयोजकों की कुप्रबंधन को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के इस भव्य कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने बल भी तैनात किया था, लेकिन वह भीड़ को नियंत्रित करने में विफल रहा.
क्या है पूरा आयोजन?
पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा नवग्रह पीठ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का यह बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था. भारी संख्या में श्रद्धालु इस कलश यात्रा में सम्मिलित होने के लिए पहुंचे थे. फिलहाल, प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा है और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: MP में तलाकशुदा बेटियां भी माता-पिता की फैमिली पेंशन के लिए होंगी पात्र, राज्य सरकार ने लिया फैसला
ADVERTISEMENT

