मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग का मामला सामने आया है. डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र में सड़क पर खड़ी कार हटाने को लेकर बस चालक और कार सवार युवकों के बीच विवाद हुआ. देखते ही देखते मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
घटना के समय बस में 50 से ज्यादा बच्चे सवार थे. गनीमत रही कि फायरिंग में किसी बच्चे को चोट नहीं लगी. हालांकि बस चालक खेम सिंह घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया.
कार हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस बड़ी अकबई गांव के पास पहुंची थी. इसी दौरान सड़क पर एक कार खड़ी थी. बस को आगे निकालने के लिए चालक खेम सिंह ने कार सवार युवकों से वाहन हटाने को कहा.
आरोप है कि युवकों ने कार का पेट्रोल खत्म होने की बात कही. इस पर बस चालक ने कार को धक्का देकर सड़क के किनारे करने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद कार सवार युवकों ने बस चालक के साथ मारपीट की. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कट्टा निकाल लिया और बस चालक पर चार राउंड फायर कर दिए.
फायरिंग से बच्चों में मची दहशत
अचानक हुई फायरिंग से बस में बैठे बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई. घटना के वक्त बस में 50 से अधिक बच्चे मौजूद थे. गनीमत रही कि गोली या छर्रे किसी बच्चे को नहीं लगे.
फायरिंग में चालक खेम सिंह के घायल होने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि उन्हें छर्रे लगे हैं. स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया.
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सौरभ कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
फिलहाल पुलिस कार सवार युवकों की पहचान करने में जुटी है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार कहां से आया. घायल बस चालक का इलाज जारी है.
ADVERTISEMENT


