रातभर पत्नी की डेड बॉडी के साथ सोता रहा SSB जवान, सुबह हार्ट अटैक बताकर शव ले जा रहा था गांव, बेटी ने खोला राज

सर्वेश पुरोहित

• 04:06 PM • 03 Nov 2026

ग्वालियर में SSB के एक जवान ने शक के चलते अपनी पत्नी को मार डाला और उसके शव के पास सोता रहा. इसके बाद हार्ट अटैक का झूठा नाटक कर शव को गांव ले जा रहे आरोपी का ऐसे हुआ पर्दाफाश.

ग्वालियर से आया हैरान करने वाला मामला
ग्वालियर से आया हैरान करने वाला मामला
Google CTA

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने शक के कारण अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. हैरानी की बात तो ये है कि कातिल पति रातभर पत्नी के बेजान शरीर के पास ही सोता रहा और सुबह बड़ी सफाई से इसे हार्ट अटैक बताकर शव को अपने पैतृक गांव ले गया.  इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब आरोपी की 12 साल की मासूम बेटी ने अपनी मां की मौत का सच अपने मामा को बता दिया. फिलहाल मुरार थाना पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है. 

Read more!

क्या है ये पूरा मामला 

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ज्ञान सिंह जाटव SSB में कॉन्सटेबल के पद पर तैनात है और फिलहाल उसकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है. वह पिछले महीने 27 अक्टूबर को करवाचौथ का त्योहार मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने घर ग्वालियर लौटा था. ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी इलाके में उसका परिवार रहता था, जिसमें उसकी पत्नी रिंकी जाटव और बच्चे शामिल थे. 

घटना से कुछ दिन पहले ज्ञान सिंह के पिता इलाज के लिए भिंड से ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद रिंकी ने अपने पति से कहा कि वह ससुर को वापस उनके घर भिंड छोड़ आएं. बस, इसी छोटी सी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. ज्ञान सिंह अपने पिता को भिंड छोड़कर जब रविवार की रात वापस लौटा तो रिंकी अपने फोन पर किसी से बात कर रही थी। पत्नी को फोन पर बात करते देख आरोपी के दिमाग में शक का ऐसा कीड़ा कुचला कि उसने चरित्र संदेह के चलते घर में ही कोहराम मचा दिया. 

सीने पर पैर रखकर घोंटा गला

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में अंधे हो चुके ज्ञान सिंह ने अपनी पत्नी रिंकी को जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उसने अपनी दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए पत्नी के सीने पर पैर रखा और बेरहमी से उसका गला घोंट दिया. घर में मौजूद मासूम बच्चे इस खौफनाक मंजर के खौफनाक गवाह बने. पत्नी की जान लेने के बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा. उसने बच्चों को डराया-धमकाया कि अगर किसी को भी मुंह खोला तो उनका हस्र भी मां जैसा ही होगा. इसके बाद वह कातिल पति रातभर उसी कमरे में अपनी मरी हुई पत्नी के शव के पास ही चैन की नींद सोता रहा. 

झूठ का जाल और सर्विस पिस्टल का खौफ

अगली सुबह यानी सोमवार को करीब 6 बजे ज्ञान सिंह ने रिंकी के शव को गाड़ी में रखा और सीधे अपने पैतृक गांव- भिंड जिले के अटेर क्षेत्र स्थित छौंदा पहुंच गया. गांव पहुंचकर उसने रिंकी के मायके वालों को फोन किया और ढोंग रचते हुए बताया कि रिंकी की मौत अचानक दिल का दौरा पड़ने से हुई है. लेकिन मायके पक्ष के लोगों की आंखें तब खुलीं जब उन्होंने रिंकी के शव को देखा. उसके शरीर और घुटनों पर गंभीर चोट के निशान साफ नजर आ रहे थे. जब घरवालों ने कड़ाई से सवाल किए, तो शातिर ज्ञान सिंह ने अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर उन्हें डराया और चुपचाप अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाने लगा. 

बेटी की हिम्मत ने बेनकाब किया बाप का सच

आरोपी ने अपनी 12 साल की बेटी को भी सख्त हिदायत दी थी कि वह किसी को कुछ न बताए. लेकिन उस छोटी सी बच्ची ने जो हिम्मत दिखाई, उसने इस पूरे झूठ के महल को ढहा दिया. बच्ची ने चुपके से अपने मामा सचिन जाटव को फोन किया और रोते हुए पिता की पूरी करतूत बयां कर दी. उसने बताया कि कैसे उसके पिता ने मां को जमीन पर पटककर उनके सीने पर पैर रखा था और गला दबाकर मारा था.

बेटी की इस जानकारी के बाद मायके वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गांव में चल रही अंतिम संस्कार की तैयारियों को रुकवा दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर वापस ग्वालियर के मुरार थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. 

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ज्ञान सिंह जाटव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ताकि मौत की असल वजह और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री की हर कड़ी को पूरी तरह से जोड़ा जा सके. एक झटके में एक हंसता-खेता परिवार कैसे बिखर गया, यह घटना हर किसी को अंदर से झकझोर कर रख रही है. 

ये भी पढ़ें: TI दिलीप पुरी हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट, पुलिस ने शराब माफिया को दबोचा!